Thursday

31-07-2025 Vol 19

श्रद्धांजलि का तांता

398 Views

नई दिल्ली। भारत में आर्थिक सुधारों के जनक पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को होगा। कांग्रेस पार्टी ने उनका स्मारक बनाने की मांग की है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिख कर कहा है कि जहां मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार हो वही पर उनका स्मारक बनाया जाए, यहीं उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इसके लिए खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से टेलीफोन पर बात भी की है।

मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को 11.45 बजे दिल्ली के निगम बोध घाट पर होगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से उनके अंतिम संस्कार का कार्यक्रम जारी किया गया है। इसके मुताबिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला सहित अनेक केंद्रीय मंत्री और अधिकारी अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। पूर्व प्रधानमंत्री के सम्मान में पूरे देश में सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। इस दौरान पूरे देश में राष्ट्रीय ध्वज झुका रहेगा। राष्ट्रीय शोक के कारण राष्ट्रपति भवन में शनिवार को होने वाली चेंज ऑफ गार्ड सेरेमनी नहीं होगी। यह एक सैन्य परंपरा है। इसमें राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड का एक ग्रुप दूसरे ग्रुप से चार्ज लेता है। यह हर हफ्ते आयोजित की जाती है।

गौरतलब है कि डॉक्टर मनमोहन सिंह का गुरुवार की रात को निधन हो गया था। वे 92 साल के थे। शुक्रवार की सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने उनके आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी उनके आवास पर जाकर उनको श्रद्धांजलि दी। शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक की एक विशेष बैठक भी हुई, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी गई और शोक प्रस्ताव पारित किया गया। मनमोहन सिंह के निधन के चलते केंद्र सरकार ने सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। साथ ही शुक्रवार को होने वाले सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।

डॉक्टर मनमोहन का अंतिम संस्कार शनिवार को होगा। उनकी अंतिम यात्रा शनिवार, 28 दिसंबर को सुबह साढ़े नौ बजे ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय 24, अकबर रोड से शुरू होगी। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया- शनिवार सुबह आठ बजे डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर उनके आवास से कांग्रेस मुख्यालय लाया जाएगा, जहां सुबह साढ़े आठ से साढ़े नौ 30 बजे तक आम लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे।

गुरुवार को दिन भर डॉक्टर मनमोहन सिंह के आवास पर उनको श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी उनको श्रद्धांजलि दी। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी मनमोहन सिंह के आवास पर जाकर उनको श्रद्धांजलि दी।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *