राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

बेअंत सिंह के हत्यारे के लिए मान ने मांगी पैरोल

चंडीगढ़। पंजाब में छह महीने में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं और उससे पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस बीच राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के हत्यारे जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने की मांग की है। इसके लिए मुख्यमंत्री मान ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को पत्र लिखा है। गौरतलब है कि सजायाफ्ता अपराधी को पैरोल देने के लिए राज्यपाल की मंजूरी जरूरी होती है। इसलिए मान ने उन्हें चिट्ठी लिखी है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी चिट्ठी में लिखा है कि हवारा की मां की तबीयत ठीक नहीं रहती है। ऐसे में मां की देखभाल के लिए हवारा को जेल से कुछ दिन की मोहलत दी जाए। गौरतलब है कि हवारा उग्रवादी समूह बब्बर खालसा से जुड़ा था और मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में उसे दोषी ठहराया गया है। बेअंत सिंह की पंजाब सचिवालय के बाहर 31 अगस्त, 1995 को बम धमाका करके हत्या कर दी गई थी। इस धमाके में बेअंत सिंह सहित 17 लोगों की मौत हुई थी।

हवारा और बलवंत सिंह को इस मामले में ट्रायल कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई थी। हालांकि 2010 में हवारा की सजा को उम्रकैद में तब्दील कर दिया गया। अदालत ने आदेश दिया था कि हवारा को पूरी जिंदगी जेल में ही रहना होगा। वहीं बलवंत सिंह की फांसी की सजा को अदालत ने बरकरार रखा था। बहरहाल, एक मुख्यमंत्री के हत्या के दोषी के लिए मुख्यमंत्री के पैरोल मांगने पर राजनीति तेज हो गई है। माना जा रहा है कि चुनाव से पहले कट्टरपंथियों को खुश करने के लिए मुख्यमंत्री ने यह चिट्ठी लिखी है।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment