राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती बस में लगी भीषण आग 9 यात्रियों की मौत

उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात एक चलती बस में अचानक भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया।

कश्मीरी गेट, नई दिल्ली से महोबा जा रही एक बस में 33 किलोमीटर माइलस्टोन के पास आग लगी। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बस के अंदर मौजूद नौ यात्रियों की जलने और दम घुटने से मौत हो गई, जबकि बचाव दल ने 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने गुरुवार को जानकारी दी और बताया कि,बस में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी स्थानीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

जेवर टोल पर तैनात फायर टेंडर के अलावा अन्य चार फायर टेंडर, रेस्क्यू टेंडर और फायर सर्विस यूनिट को भी तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग बुझाने के बाद पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बस के अंदर धुआं भरा होने के बावजूद जवानों और दमकलकर्मियों ने अथक प्रयास करते हुए यात्रियों को बाहर निकाला।

Also Read : भाजपा ने विभिन्न राज्यों में पार्टी पदाधिकारियों की नियुक्ति की

रेस्क्यू के दौरान बस के अंदर नौ लोग मृत अवस्था में मिले। प्रथम दृष्टया उनकी मौत जलने अथवा दम घुटने के कारण होने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जांच में बस में आग लगने का कारण एसी में स्पार्क/ब्लास्ट होना बताया जा रहा है। इसके बाद बस के इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगने और तेजी से फैलने की आशंका जताई गई है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। हादसे के बाद जेवर थाना पुलिस ने मृतकों की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मृतकों के परिजनों से संपर्क करने और उनकी शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के संबंध में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पुलिस ने बस के चालक और परिचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजन को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। प्रशासन द्वारा हादसे से संबंधित अन्य आवश्यक कार्रवाई भी की जा रही है।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment