श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में पाकिस्तान की ओर से की गई अंधाधुंध फायरिंग में सेना के एक सूबेदार मेजर शहीद हो गए हैं तो दूसरी ओर जम्मू कश्मीर प्रशासनिक सेवा के एक अधिकारी की भी जान चली गई है। जम्मू के राजौरी में शुक्रवार की रात पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा निवासी सूबेदार मेजर पवन कुमार शहीद हो गए। पाकिस्तान की ओर से शनिवार की सुबह सात बजे तक फायरिंग होती रही थी। पाकिस्तान की फायरिंग में 16 नागरिक भी मारे गए हैं और लांस नायक दिनेश शर्मा शहीद हुए थे।
बहरहाल, पाकिस्तान की ओर से होने वाली फायरिंग के जवाब में सूबेदार मेजर पवन कुमार ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर फायरिंग कर रहे थे। इसी कार्रवाई में पवन कुमार घायल हो गए। बाद अस्पताल में उनकी मौत हो गई। सेना की ओर से परिजनों को इसकी सूचना दी गई है। जम्मू के राजौरी में ही पाकिस्तानी गोलाबारी में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त राज कुमार थापा की मौत हो गई। जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर यह जानकारी दी है। अधिकारियों ने बताया कि राजौरी के अतिरिक्त उपायुक्त राज कुमार थापा और उनके दो कर्मचारी राजौरी शहर में उनके आवास पर तोप के गोले से गंभीर रूप से घायल हो गए थे।