नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात में भारतीय नाविकों की हत्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि समुद्र में भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने होर्मुज की खाड़ी खुलने की जरुरत बताई और राष्ट्रपति ट्रंप की जम कर तारीफ की। मोदी ने कहा कि ट्रंप के नेतृत्व में पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद दिख रही है। गौरतलब है कि 16 महीने के बाद दोनों नेताओं के बीच फ्रांस के एवियन शहर में दोपक्षीय वार्ता हुई।
गौरतलब है कि जी 7 देशों की बैठक के दौरान मंगलवार को दोनों नेताओं की 16 महीने के बाद मुलाकात हुई थी। उसके बाद बुधवार की शाम को मोदी और ट्रंप के बीच दोपक्षीय वार्ता हुई। वार्ता के दौरान मोदी ने कहा, ‘समुद्र में भारतीयों की सुरक्षा जरूरी है। मुझे उम्मीद है कि ईरान के साथ डील में भारतीयों की सुरक्षा पक्की की जाएगी’। मोदी ने कहा कि होर्मुज खुलना जरूरी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से कहा, ‘हमने हमेशा कहा है कि समुद्र में आवाजाही की आजादी पक्की होनी चाहिए और हमें इस बात पर जोर भी देना चाहिए। समुद्री व्यापार के क्षेत्र में दुनिया के अलग अलग समुद्रों में लाखों भारतीय नाविक काम कर रहे हैं। मेरा मानना है कि उनकी सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। मुझे भरोसा है कि समझौते में नाविकों की सुरक्षा पक्की की जाएगी और उसे प्राथमिकता दी जाएगी’।
इससे पहले जी 7 शिखर सम्मेलन के वर्किंग लंच के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘मोदी शांत और जबरदस्त नेता हैं, लेकिन मैं मोदी की तरह नहीं हूं’। ट्रंप ने कहा, ‘हम ट्रेड डील कर रहे हैं। अमेरिका और भारत के बीच बहुत सी चीजें हो रही हैं। अमेरिका अब तक का सबसे अच्छा काम कर रहा है’। उन्होंने आगे कहा, ‘हमारे पास 19.2 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा आ रहे हैं। हम सब कुछ बना रहे हैं। प्रधानमंत्री अमेरिका में बहुत कुछ बना रहे हैं और बहुत पैसा खर्च कर रहे हैं, इसलिए हम उस काम की तारीफ करते हैं’।
जी 7 के एक सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में कहा, ‘वेस्ट एशिया में संकट की वजह से फ्यूल, फर्टिलाइजर और फूड सप्लाई चेन में आई रुकावटों का असर ग्लोबल साउथ पर काफी समय तक रहेगा’।


