नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वंतत्रता दिवस के मौके पर शुक्रवार को लगातार 12वीं बार ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से झंडा फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। सुरक्षा एजेंसियों ने इस मौके पर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। पहलगाम कांड और ऑपरेशन सिंदूर के बाद की स्थितियों को देखते हुए सुरक्षा के अतिरिक्त उपाय किए गए हैं। दुनिया भर के देशों के राजनयिक और पक्ष, विपक्ष के नेता लाल किले पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
सरकार की ओर से भेजे गए निमंत्रण पत्र पर ऑपरेशन सिंदूर का लोगो बना हुआ है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के भाषण में ऑपरेशन सिंदूर और सेना के शौर्य पर फोकस होगा। इसके अलावा बिहार विधानसभा के चुनाव और अगले साल होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर कुछ घोषणा हो सकती है। प्रधानमंत्री के भाषण में चुनाव वाले राज्यों का खास जिक्र हो सकता है।
बहरहास, नरेंद्र मोदी ने 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने के बाद से हर साल लाल किले से तिरंगा फहराया और देश को संबोधित किया है। इस साल 2025 में उनका यह सिलसिला 12 वर्षों का हो जाएगा। वे लगातार सबसे ज्यादा समय तक पद पर रहने वाले दूसरे प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड तोड़ा है। लाल किले से देश को संबोधित करने के मामले में भी वे तीसरे स्थान पर हैं। सबसे ज्यादा 17 बार पंडित जवाहरलाल नेहरू ने और सके बाद 16 बार इंदिरा गांधी ने लाल किले से झंडा फहराया है। गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्रियों में मोदी से पहले छह बार झंडा फहराने का रिकॉर्ड अटल बिहारी वाजपेयी के नाम था।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


