राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

पेट्रोल, डीजल संकट के बीच मोदी की अपील

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर देश के लोगों से अपील की है कि वे किसी किस्म के अफवाहों से प्रभावित न हों और सरकार की बातों पर भरोसा करें। पिछले 10 दिन में वे कम से कम चार बार ऐसी अपील कर चुके हैं। मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में ऐसी अपील करने के बाद उन्होंने रेडियो पर प्रसारित होने वाले मन की बात कार्यक्रम में भी यह अपील की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात के 132वें एपिसोड में ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में जंग चल रही है। पेट्रोल और डीजल का संकट पैदा हुआ है, लेकिन भारत इस चुनौती से निपट रहा है। मोदी न कहा, ‘सरकार लोगों से अपील करती है कि किसी तरह की अफवाहों में न आएं। सरकार की तरफ से जानकारी पर भरोसा करें। कुछ लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश में लगे हैं। इससे वे देश का नुकसान कर रहे हैं’।

मोदी ने कहा, ‘साथियों, जिस क्षेत्र में अभी युद्ध चल रहा है, वह क्षेत्र हमारी ऊर्जा आवश्यकताओं का बड़ा केंद्र है। इसकी वजह से दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल को लेकर संकट की स्थिति बनती जा रही है’। उन्होंने आगे कहा, ‘हमारे वैश्विक संबंध, अलग-अलग देशों से मिल रहा सहयोग और पिछले एक दशक में देश का जो सामर्थ्य बना है, इनकी वजह से भारत इन परिस्थितियों का डटकर मुकाबला कर रहा है’। मोदी ने देश के लोगों से अपील करते हुए कहा, ‘मैं सभी देशवासियों से अपील भी करूंगा कि वो जागरुक रहें, अफवाहों के बहकावे में ना आएं। सरकार की तरफ से जो आपको निरंतर जानकारी दी जा रही है, उस पर भरोसा करें और उसी पर विश्वास करके कोई कदम उठाएं’।

प्रधानमंत्री मोदी ने खाड़ी देशों में काम करने वाले भारतीयों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘वर्तमान में हमारे पड़ोस में एक माह से भीषण युद्ध चल रहा है। हमारे लाखों परिवारों के सगे, संबंधी इन देशों में रहते हैं, खासतौर पर खाड़ी देशों में काम करते हैं। मैं खाड़ी देशों का बहुत आभारी हूं, वे ऐसे एक करोड़ से ज्यादा भारतीयों को वहां पर हर प्रकार की मदद दे रहे हैं’।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

20 − 6 =