कोलकाता। केरल, असम और पुडुचेरी के चुनाव समाप्त होने के बाद अब प्रचार का फोकस पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के ऊपर है। चूंकि तमिलनाडु में भाजपा सिर्फ 27 सीटों पर लड़ रही है। इसलिए भाजपा के शीर्ष नेताओं का पूरा ध्यान पश्चिम बंगाल पर है। शनिवार, 11 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य के तीन अलग अलग हिस्सों में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। अपनी सभाओं में प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जम कर हमला किया।
मोदी ने शनिवार को पूर्वी वर्धमान जिले के कटवा, मुर्शिदाबाद के जंगीपुर और बांग्लादेश सीमा से सटे दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुशमंडी में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी एक रैली में कहा, ‘आजादी के बाद से, बंगाल को चुनौती देने की हिम्मत करने वाले हर व्यक्ति का अहंकार चकनाचूर हो गया है। पहले अंग्रेजों का, फिर कांग्रेस का, और अंत में वामपंथियों का अहंकार भी चकनाचूर हो गया। अब बंगाल की जनता टीएमसी के अहंकार को चकनाचूर कर देगी’।
प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्वी वर्धमान के कटवा की सभा में कहा, ‘बंगाल बदलाव के लिए तैयार है। घुसपैठियों को बोरिया बिस्तर बांधना शुरू कर देना चाहिए, जाने का समय आ गया है। अवैध प्रवासियों की मदद करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा’। प्रधानमंत्री ने आगे कहा, ‘भाजपा तृणमूल कांग्रेस सरकार की योजनाओं को नहीं रोकेगी, बल्कि उसके भ्रष्टाचार और लूट का अंत करेगी’। उन्होंने कहा कि भाजपा की रैलियों में भारी जनसमूह चार मई के नतीजों का ट्रेलर है।
मोदी ने मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर में कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी के महाजंगलराज को खत्म करने के लिए बीजेपी का मेनिफेस्टो रोडमैप है। उन्होंने कहा, ‘जब बंगाल बदलाव का संकल्प लेता है, तो दुनिया की कोई ताकत उसे रोक नहीं सकती’। दक्षिण दिनाजपुर में प्रधानमंत्री ने कहा, टीएमसी मुझे गालियां देती है। झूठे आरोप लगाती है, लेकिन यह नहीं बताती कि पिछले 15 साल में बंगाल के लिए क्या किया। उसके पास न नीयत है और न ही नीति। प्रधानमंत्री ने अपनी सभा में पिछले साल दिसंबर में कोलकाता में फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी को लेकर हुए विवाद का मुद्दा भी उठाया और कहा, ‘टीएमसी ने फुटबॉल मैनेजमेंट एक सिंडिकेट को सौंप दिया, पूरी दुनिया ने शर्मनाक तस्वीरें देखीं’।


