नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती और क्रिसमस के मौके पर बुधवार को दिल्ली में एनडीए की नेताओं की एक अनौपचारिक बैठक हुई। बिना किसी खास एजेंडे के एनडीए के दिग्गज नेता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर जुटे। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हुए और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी शामिल हुए। बताया जा रहा है कि बैठक में अंबेडकर के अपमान के मसले पर एनडीए के नेताओं ने रणनीति बनाई और विपक्ष के ‘दुष्प्रचार’ का जवाब देने का फैसला किया।
बैठक में तय किया गया कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के अपमान को लेकर विपक्ष के ‘दुष्प्रचार’ का एनडीए एकजुट होकर जवाब देगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बैठक में साफ किया कि उन्होंने संसद में अंबेडकर के लिए अपमानजनक कुछ नहीं कहा है और विपक्ष सिर्फ इसका ‘दुष्प्रचार’ करने की कोशिश कर रही है। शाह ने साफ किया कि विपक्ष के ‘दुष्प्रचार’ से डरने की जरूरत नहीं है और एनडीए एकजुट होकर इसका जवाब देना होगा।
Also Read: जेपी नड्डा के घर आज NDA नेताओं की मीटिंग, इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा
बैठक में केंद्रीय पशुपालन मंत्री व जदयू के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केंद्रीय स्टील व भारी उद्योग मंत्री व जेडीएस के नेता एचडी कुमारस्वामी, केंद्रीय मंत्री व अपना दल की नेता अनुप्रिया पटेल, केंद्रीय मंत्री व हम के नेता जीतन राम मांझी, राज्यसभा सांसद और रालोपा नेता उपेंद्र कुशवाहा आदि मौजूद थे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की एक सौवें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित बैठक में एनडीए की सरकारों में सुशासन की अहमियत पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक का कोई औपचारिक एजेंडा तय नहीं था और इसे अनौपचारिक स्वरूप में रखा गया था। बैठक में एनडीए नेताओं ने जेपी नड्डा और अमित शाह को हरियाणा और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनावों में मिली भारी जीत के लिए बधाई दी।
बैठक के बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘आज नई दिल्ली में एनडीए नेताओं की बैठक में शामिल हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल कर रहा है और खुद को वैश्विक महाशक्ति के रूप में स्थापित कर चुका है। एनडीए सरकार विकसित भारत 2047 के अपने विजन को आगे बढ़ाने में दृढ़ है। ताकि सभी के लिए एक उज्जवल और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित हो सके’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

