काठमांडू। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने सोमवार को भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव से मुलाकात की। प्रधानमंत्री बनने के बाद किसी विदेशी राजदूत के साथ प्रधानमंत्री शाह की यह पहली वन टू वन मुलाकात है। नवीन श्रीवास्तव ने शाह को प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने भारत की ओर से नेपाल के साथ अच्छे रिश्ते और सहयोग को आगे बढ़ाने की बात कही। दोनों के बीच भारत और नेपाल संबंधों, विकास सहयोग और आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री बालेन शाह ने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते पुराने और भरोसेमंद हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने, बिजली, सड़क और दूसरे विकास कार्यों में मिलकर काम जारी रखने पर जोर दिया। बाद में प्रधानमंत्री शाह ने चीनी राजदूत झांग माओमिंग से भी मुलाकात की। दोनों के बीच नेपाल और चीन संबंधों, आपसी हितों और विकास से जुड़े मुद्दों पर बात हुई। बैठक में दोनों देशों के बीच अलग अलग क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और विकास के कामों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री बनने के बाद शुरुआती दिनों में शाह ने विदेश मंत्री के स्तर से नीचे के विदेशी अधिकारियों से वन टू वन मुलाकात नहीं करने की नीति अपनाई थी। इसी वजह से भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री की 11 मई की नेपाल यात्रा के दौरान भी शाह से उनकी अकेले में मुलाकात नहीं हो सकी थी। शाह ने अमेरिकी अधिकारियों समीर पॉल कपूर और सर्जियो गोर से मुलाकात के अनुरोध भी स्वीकार नहीं किए थे। इसके बजाय शाह ने नौ अप्रैल और 26 मई को काठमांडू में तैनात कई देशों के राजदूतों के साथ सामूहिक बैठकें की थीं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



