इंदौर। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में हाहाकार मचा है। दूषित पानी पीने से मरने वालों की संख्या बढ़ कर नौ हो गई है। बुधवार को पांच महीने के बच्चे अव्यान साहू सहित लोगों की मौत हो गई। जानकारों का कहना है कि मरने वाले नौ लोगों के अलावा और भी लोग दूषित पानी पीने से बीमार हुए होंगे। घटना इंदौर के भागीरथपुरा की है, जहां पिछले दो दिन में दूषित पानी पीने से नौ लोगों मौत हो चुकी हैं।
बुधवार को अव्यान साहू के अलावा 50 साल की गोमती रावत, 31 साल की उमा कोरी और संतोष बिगोलिया की मौत हो गई। बुधवार के मरने वाली दोनों महिलाएं भाऊ गली, भागीरथपुरा की रहने वाली थीं। इससे पहले मंगलवार को 75 साल के नंदलाल पाल के अलावा चार अन्य लोगों की मौत हुई थी। घटना के बाद हाई कोर्ट की इंदौर बेंच ने प्रदेश सरकार से दो जनवरी तक स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। इंदौर हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रितेश इंसानी ने बुधवार सुबह जनहित याचिका दायर कर शहर के नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की थी। इस पर कोर्ट ने त्वरित सुनवाई कर राज्य सरकार से जवाब मांगा है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



