नई दिल्ली। अमेरिका के साथ चल रहे टैरिफ वॉर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चीन यात्रा के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा है कि दुनिया में कोई भी देश स्थायी दोस्त या दुश्मन नहीं होता है। एक न्यूज चैनल के डिफेंस सम्मेलन में रक्षा मंत्री ने कहा कि स्थायी सिर्फ देश का हित होता है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीन के दौरे पर गए हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दुनिया में ट्रेड वॉर जैसे हालात हैं। विकसित देश तेजी से संरक्षणवादी हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत किसी को अपना दुश्मन नहीं मानता, लेकिन हम राष्ट्रीय हित और लोगों के हितों से समझौता नहीं करेंगे। उनके इस बयान को ट्रंप के टैरिफ के खिलाफ भारत, रूस और चीन के करीब आने की खबरों से जोड़कर देखा जा रहा है। ध्यान रहे मोदी जापान से चीन के दौरे पर गए हैं। वे वहां एससीओ समिट में दोनों देश के राष्ट्रपति से मिलेंगे।
राजनाथ सिंह ने कहा, हमारे लिए अपने लोगों का, किसानों का, छोटे व्यापारियों का, देशवासियों का हित सबसे ऊपर है। चाहे कितना भी दबाव डाला जाए, लेकिन भारत किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा, दुनिया भारत की रक्षा क्षमताओं की गवाह है। जिस तरह से हमारी सेनाओं ने स्वदेशी उपकरणों के साथ पाकिस्तान पर सटीक हमले किए, उससे पता चलता है कि कोई भी मिशन बिना दूरदर्शिता और तैयारी के सफल नहीं हो सकता।
रक्षा मंत्री ने कहा, 2014 में हमारा रक्षा निर्यात 700 करोड़ रुपए से कम था। आज यह बढ़कर लगभग 24 हजार करोड़ रुपए हो गया है, जो एक रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। यह दिखाता है कि भारत अब केवल खरीदार नहीं रहा, बल्कि निर्यातक बन रहा है। इस सम्मेलन में वायु सेना उप प्रमुख एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी भी शामिल हुए।


