नई दिल्ली। अपनी अमेरिका यात्रा के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी इलोन मस्क से मिलेंगे। मस्क से उनकी मुलाकात कई मायने में बेहद अहम है। गौरतलब है कि मस्क ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर को खरीद लिया है, जिसे लेकर भारत में कई विवाद रहे हैं और पुराने सीईओ जैक डोर्सी ने पिछले दिन आरोप लगाया कि भारत की केंद्र सरकार ने धमकी दी थी। इसके अलावा मस्क टेस्ला कंपनी के मालिक हैं, जिसे भारत में कार बनाने की अपनी फैक्टरी लगाई है।
तभी मोदी की यात्रा के पहले दिन 21 जून को न्यूयॉर्क में मस्क से होने वाली उनकी मुलाकात बेहद अहम है। खबरों के मुताबिक टेस्ला के अधिकारियों की 17 मई को भारत सरकार के अधिकारियों के साथ मीटिंग हुई थी। इस मीटिंग में कंपनी ने भारत में इलेक्ट्रिक कार बनाने के लिए एक निर्माण ईकाई स्थापित करने की इच्छा जताई थी। इलोन मस्क प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के दौरान भारत में टेस्ला की एंट्री को लेकर बात कर सकते हैं।
आधिकारिक रूप से सरकार की ओर से टेस्ला की ओर से यह नहीं बताया गया है कि मुलाकात का क्या एजेंडा है। गौरतलब है कि पिछले साल टेस्ला ने भारत आने की इच्छा जताई थी, लेकिन तब कंपनी और सरकार के बीच बात नहीं बन पाई थी। टेस्ला ने सरकार से पूरी तरह से असेंबल गाड़ियों पर लगने वाले आयात शुल्क को एक सौ फीसदी से घटाकर 40 फीसदी करने की मांग की थी। कंपनी चाहती थी कि उसकी गाड़ियों को लग्जरी नहीं, बल्कि इलेक्ट्रिक व्हीकल माना जाए, लेकिन सरकार ने कहा था कि दूसरे देशों से आयात किए जाने वाले किसी भी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स पर आयात शुल्क माफ या कम करने का कोई भी इरादा नहीं है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


