नई दिल्ली। प्रधानमंत्री कार्यालय यानी पीएमओ अब साउथ ब्लॉक से हट रहा है। शुक्रवार, 13 फरवरी को पीएमओ ‘सेवा तीर्थ’ में शिफ्ट हो जाएगा। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दोपहर डेढ़ बजे के करीब ‘सेवा तीर्थ’ नाम से बने नए कार्यालय कॉम्पलेक्स के नाम का अनावरण करेंगे। फिर शाम करीब छह बजे ‘सेवा तीर्थ’ और ‘कर्तव्य भवन-1’ और ‘कर्तव्य भवन-2’ का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।
गौरतलब है कि अभी में पीएमओ साउथ ब्लॉक में है, जबकि गृह व वित्त मंत्रालय सहित कई कार्यालय नॉर्थ ब्लॉक में हैं। सरकारी कार्यालयों को वहां से हटा कर कर्तव्य भवन में शिफ्ट किया जा रहा है। ध्यान रहे नॉर्थ और साउथ ब्लॉक को करीब 95 साल से देश की सत्ता का केंद्र माना जाता रहा है। शुक्रवार को इन इमारतों में सरकार के कामकाज का आखिरी दिन होगा। ‘सेवा तीर्थ’ में प्रधानमंत्री कार्यालय के अलावा कैबिनेट सचिवालय और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार का सचिवालय भी होगा।
बताया गया है कि ‘सेवा तीर्थ’ जाने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साउथ ब्लॉक के कार्यालय में केंद्रीय कैबिनेट की विशेष बैठक करेंगे। कैबिनेट की यह बैठक शुक्रवार शाम चार बजे तय है। अंग्रेजों के जमाने में बनी इस इमारत में कैबिनेट की यह आखिरी बैठक होगी। गौरतलब है कि सेंट्रल विस्टा कार्यक्रम के तहत नई संसद भवन का निर्माण हुआ है और सरकारी कार्यालयों के लिए नए भवनों का निर्माण हो रहा है।


