राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

चुनाव से पहले स्टालिन का बड़ा दांव

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने विधानसभा चुनाव से दो महीने पहले बड़ा दांव चला है। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तरह महिलाओं के खाते में नकद रुपए भेजे हैं। शुक्रवार की सुबह तमिलनाडु की महिलाएं जब सोकर जगीं तो उनके खाते में पांच पांच हजार रुपए आ गए थे। स्टालिन ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी महिला लाभार्थी योजना के तहत 1.31 करोड़ महिला लाभार्थियों के खाते में पांच पांच हजार रुपए जमा किए हैं। गौरतलब है कि नीतीश कुमार ने चुनाव से पहले महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपए डाले थे।

बहरहाल, मुख्यमंत्री स्टालिन ने इसके साथ ही यह भी ऐलान किया कि अगर आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी डीएमके पार्टी सत्ता में आती है तो वे मासिक सहायता दोगुनी करके दो हजार रुपए कर देंगे। उन्होंने बताया कि कलैगनार महिला पात्रता योजना के लाभार्थियों के बैंक खातों में पांच हजार रुपए जमा कर दिए गए हैं। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करके कहा, ‘आपको आज सुबह पांच हजार रुपए मिल गए होंगे। मैंने यह राशि इसलिए देने का फैसला किया क्योंकि कुछ स्वार्थी तत्व आगामी चुनाव का हवाला देकर योजना को स्थगित करने का प्रयास कर रहे हैं’।

स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो संदेश में कहा कि महिलाओं को मिलने वाली मासिक वित्तीय सहायता से वंचित करने के प्रयास का मुकाबला करने के लिए उन्होंने फरवरी से तीन महीने तक यह राशि देने और इसके अलावा गर्मियों के दौरान उनके खर्चों को पूरा करने के लिए दो हजार रुपए देने का फैसला किया है। स्टालिन ने संदेश में कहा, ‘इतना ही नहीं, डीएमके इस साल सत्ता में वापस आती है तो एक हजार रुपए की मासिक राशि बढ़ा कर दो हजार रुपए कर दी जाएगी। उन्होंने कहा, ‘मैं बहनों से अपील करता हूं कि वे अपने बच्चों की शिक्षा संबंधी जरूरतों, दवाइयों या अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीद के लिए इस राशि का विवेकपूर्ण उपयोग करें’। उन्होंने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी सत्ता में वापस आएगी।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

13 + twelve =