प्रयागराज। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को महाकुंभ में डुबकी लगाई। उन्होंने मंत्रोच्चार के बीच गंगा पूजन और आरती की। इसके बाद राष्ट्रपति लेटे हनुमान मंदिर पहुंचीं और आरती की, फिर अक्षयवट धाम पहुंची और दर्शन पूजन किया। राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी थे। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही महाकुंभ में डुबकी लगा चुके हैं।
बहरहाल, सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह साढ़े नौ बजे बमरौली एयरपोर्ट पर पहुंचीं। वहां राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वागत किया। वहां से वे अरैल पहुंचीं और फिर बोट से संगम पहुंचीं और स्नान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसी तरह संगम पर पहुंचे थे ताकि आम लोगों को परेशान नहीं हो। राष्ट्रपति शाम चार बजे तक प्रयागराज में रहीं। द्रौपदी मुर्मू देश की दूसरी राष्ट्रपति हैं, जिन्होंने महाकुंभ में स्नान किया। इससे पहले, 1954 में देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भी कुंभ में स्नान किया था।
इस बीच महाकुंभ में सोमवार को जबरदस्त भीड़ जुटी। सप्ताहांत में कुंभ स्नान के लिए निकले लाखों लोग रास्ते में फंस गए। हजारों गाड़ियां प्रयागराज और आसपास के इलाकों में जाम में फंसी हैं। 10 फरवरी को महाकुंभ के 29वें दिन तक 43 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं के स्नान करने का दावा किया जा रहा है। सोमवार को भीड़ देखते हुए अरैल घाट से संगम तक बोट बंद की गई है। इसके अलावा, संगम स्टेशन को 14 फरवरी तक बंद कर दिया गया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

