नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया का तीन दिन का दौरा समाप्त करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को न्यूजीलैंड के दौरे पर पहुंचे। 40 साल के बाद भारत का कोई प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड दौरे पर गया है। इससे पहले आखिरी बार 1986 में राजीव गांधी न्यूजीलैंड गए थे। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया का दौरा पूरा करके अपने छह दिन के दौरे के आखिरी चरण में न्यूजीलैंड पहुंचे हैं।
इस दौरे में प्रधानमंत्री सबसे पहले न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ दोपक्षीय वार्ता करेंगे। दौरान दोनों देश मुक्त व्यापार संधि यानी एफटीए समझौते को अंतिम रूप देंगे। प्रधानमंत्री बिजनेस से जुड़े एक कार्यक्रम में शामिल होंगे और फिर एक स्पोर्टिंग इवेंट में शामिल होंगे। इसके बाद पीएम ऑकलैंड में 40 हजार भारतीयों को भी संबोधित करेंगे। पीएम के स्वागत के लिए भारतीय समुदाय ने ‘किया ओरा मोदी’ कार्यक्रम का आयोजन किया है।
इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे का समापन किया। दौरे के आखिरी दिन वे मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड यानी एमसीजी गए। वहां प्रधानमंत्री ने ऐलान किया कि टी20 लीग बिग बैश लीग यानी बीबीएल का ओपनिंग मैच भारत में खेला जाएगा। यह मुकाबला चैन्नई के चेपॉक स्टेडियम में 12 दिसंबर को होगा। यह पहली बार होगा, जब किसी विदेशी क्रिकेट लीग का मैच भारत में होगा। प्रधानमंत्री द्वारा इस ऐलान के समय उनके साथ ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ भी मौजूद रहे।


