मुंबई। कांग्रेस की अंबेडकर सम्मान यात्रा से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी महाराष्ट्र के परभणी पहुंचे। नीले रंग की टी शर्ट पहन कर राहुल गांधी परभणी हिंसा के पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। गौरतलब है कि परभणी में 10 दिसंबर को अंबेडकर स्मारक में तोड़फोड़ हुई थी। घटना के 12 दिन बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को परभणी पहुंचे। उन्होंने यहां मृतक सोमनाथ सूर्यवंशी और विजय वाकोडे को श्रद्धांजली दी और उनके परिवारों से मुलाकात की।
गौरतलब है कि सोमनाथ सूर्यवंशी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसकी 15 दिसंबर को पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी। राहुल ने उनके परिजनों से मिलने के बाद कहा, ‘मैं अभी पीड़ित परिवार से मिला, उन लोगों ने मुझे पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोटो, वीडियो दिखाए, सोमनाथ की मौत सौ फीसदी कस्टोडियल डेथ है, पुलिस ने इनकी हत्या की है। राहुल ने यह भी आरोप लगाया है कि राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने पुलिस को मैसेज देने के लिए असेंबली में झूठ बोला है।
राहुल ने कहा, ‘सोमनाथ को इसलिए मारा गया क्योंकि वो दलित है और संविधान की रक्षा कर रहा था। आरएसएस की विचारधारा संविधान को खत्म करने की है। हम चाहते हैं कि ये मुद्दा सुलझाया जाए, जिन लोगों ये किया उनको सजा मिले’। इस बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘राहुल गांधी केवल राजनीतिक कारणों से यहां आए। उनका काम लोगों में नफरत पैदा करना है। हम सभी मामलों की जांच कर रहे हैं। मामला अदालत में है। अगर साबित हो जाता है कि सोमनाथ की मौत पुलिस हमले के कारण हुई, तो किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा’। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पहले ही परभणी हिंसा की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


