भुवनेश्वर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर छिड़े विवाद के बीच शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महाराष्ट्र की तरह बिहार में भी आगामी विधानसभा चुनाव को ‘‘चोरी करने’’ का प्रयास कर रही है। राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में इस प्रयास को ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) गठबंधन के घटक दलों द्वारा विफल किया जाएगा।
कांग्रेस के दोनों शीर्ष नेताओं ने यहां ‘संविधान बचाओ समावेश’ कार्यक्रम को संबोधित किया और जनता का आह्वान किया कि वे ओडिशा में ‘‘जल, जंगल, जमीन’’ छीनने वाली सरकार को सत्ता से बेदखल करें। राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘महाराष्ट्र की तरह, बिहार में भी चुनाव को चोरी करने की कोशिश की जा रही है। भाजपा पूरे देश में हमारे संविधान पर हमला कर रही है।’’ उन्होंने दावा किया कि ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में घटक दलों ने, बिहार में भाजपा को चुनाव की ‘‘चोरी करने’’ से रोकने का फैसला किया है।
बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग भाजपा के हित में काम कर रहा है और अपना कर्तव्य नहीं निभा रहा है। खरगे ने पुनरीक्षण मामले का हवाला देते हुए कहा कि लोगों मतदान के अधिकार को छीनने का प्रयास हो रही है
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘महाराष्ट्र में जो सरकार बनाई है वह चोरी (से) और चोरों की सरकार है। 85 लाख वोट को बदलकर वहां भाजपा ने सरकार बनाई। आज वही कोशिश बिहार में हो रही है। बिहार में सात करोड़ मदाताओं में से दो करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं।’’ उन्होंने लोगों से सवाल किया, ‘‘क्या सत्ता में ऐसे लोग चाहिए, क्या इससे लोकतंत्र बचेगा?’’ खरगे ने कहा कि ऐसे गद्दारों को सत्ता से निकाल देना चाहिए, उन्हें सबक सिखाना चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार संविधान से ‘धर्मनिरपेक्षता’ और ‘समाजवाद’ को हटाने का प्रयास कर रही है।
खरगे ने यहां पार्टी के ‘संविधान बचाओ समावेश’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि भाजपा के शासन में आदिवासी, दलित, महिलाएं और युवा सुरक्षित नहीं हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा का मिशन संविधान को बदलना है… केंद्र की भाजपा सरकार हमारे संविधान से धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद को हटाने का प्रयास कर रही है।’’
खरगे ने कहा कि कांग्रेस ने 2006 में गरीबों और आदिवासियों की रक्षा के लिए वन अधिकार अधिनियम पेश किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार इस कानून को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने दावा किया, “उद्योग के नाम पर भाजपा सरकार हर जगह जंगलों को नष्ट कर रही है… अगर दलित, आदिवासी और युवा अपने अधिकारों के लिए लड़ना नहीं सीखेंगे, तो वे उनका भी सफाया कर देंगे।”
राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा पांच-छह पूंजीपतियों के लिए सरकार चलाती है। यह देश के आम लोगों के लिए काम नहीं करती।’’ पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ‘‘जल, जंगल, जमीन’’ आदिवासियों के हैं और उनके ही रहेंगे। राहुल गांधी ने दावा किया कि ओडिशा की भाजपा सरकार ने पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम, 1996 को लागू नहीं किया है। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘यहां आदिवासियों को वन अधिकार पट्टे नहीं दिए जाते। कांग्रेस ‘पेसा’ (पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम) और आदिवासी विधेयक लेकर आई। हम इन कानूनों को लागू करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि आदिवासियों को उनकी जमीन मिले।’’ उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ओडिशा में भाजपा की सरकार उद्योगपति गौतम अदाणी चलाते हैं। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘यह ओडिशा की सरकार नहीं है, यह अदाणी जैसे 5-6 अरबपतियों की सरकार है।’’ उन्होंने दावा किया कि श्री जगन्नाथ यात्रा के रथ को अदाणी और उनके परिवार के लिए रोक दिया गया था। राहुल गांधी के इस आरोप पर ओडिशा सरकार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।