राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

सम्राट मंत्रिमंडल का विस्तार आज

पटना। बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व में 15 अप्रैल को बनी सरकार का विस्तार सात मई को होगा। सरकार में 27 नए मंत्रियों को शामिल किए जाने की खबर है। पटना के गांधी मैदान में भव्य समारोह में शपथ ग्रहण होगा। कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी बतौर मंत्री शपथ लेंगे। इसमें शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन पटना पहुंच गए हैं। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी गुरुवार को होने वाले शपथ समारोह में हिस्सा लेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले 15 अप्रैल को बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के तौर पर सम्राट चौधरी ने एक सादे समारोह में शपथ ली थी। उनके साथ जदयू के दो नेताओं विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव डिप्टी सीएम बने थे।

बताया जा रहा है कि गुरुवार, सात मई को गांधी मैदान में होने वाले भव्य शपथ समारोह में भाजपा से 12 और जनता दल यू से 11 मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। इस तरह मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री सहित दोनों पार्टियों के 13-13 मंत्री हो जाएंगे। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी से दो मंत्री बनेंगे। जीतन राम मांझी की पार्टी हम से उनके बेटे संतोष सुमन को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा को लेकर कुछ भी तय नहीं है। पहले उनके बेटे दीपक प्रकाश मंत्री थे। लेकिन वे किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। उनको विधान परिषद में भेजे जाने की चर्चा थी। परंतु ऐसा नहीं हुआ।

बहरहाल, बिहार सरकार में कुल 36 मंत्री हो सकते हैं। लेकिन अभी छह सीटें खाली रखने का फैसला हुआ है। नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी सम्राट चौधरी की सरकार में मंत्री बनेंगे। कल वे गांधी मैदान में मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार को देर रात तक चली जदयू नेताओं के साथ बैठक के बाद निशांत मंत्री बनने के लिए मान गए हैं। इस बीच सात मई को होने वाली उनकी सद्भावना यात्रा भी रद्द हो गई है। कहा जा रहा है कि वे गुरुवार, सात मई को शपथ समरोह में होंगे, इसलिए उनकी यात्रा रद्द की गई है।

इससे पहले बुधवार को सात, सरकुलर रोड स्थित नीतीश कुमार के आवास पर जदयू नेताओं की बैठक हुई। बैठक में मंत्रियों के नाम पर नीतीश ने फाइनल मुहर लगाई। बताया जा रहा है कि जदयू की तरफ से मंत्रियों की लिस्ट सीएम सम्राट को सौंप दी गई है। जानकार सूत्रों के मुताबिक 20 नवंबर 2025 को जदयू के जितने लोग मंत्री बने थे, उनमें से लगभग सबको फिर शपथ दिलाई जाएगी। उनके अलावा नए लोगों में दामोदर राउत, बुलो मंडल और भगवान सिंह कुशवाहा को मंत्री बनाया जा सकता है। विधायक दल के नेता श्रवण कुमार भी मंत्री बनेंगे। पुराने चेहरों में लेसी सिंह, शीला मंडल, सुनील कुमार, अशोक चौधरी, मदन सहनी, रत्नेश सदा और जमा खान के मंत्री बनाए जाने की संभावना है। भाजपा की ओर से ज्यादातर पुराने मंत्रियों को सरकार में शामिल किया जाएगा। पुराने मंत्रियों के अलावा मनोज शर्मा, संजीव चौरसिया, संगीता कुमारी आदि के मंत्री बनने की चर्चा है।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

fourteen − 13 =