केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पुणे के एक होटल में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ बंद कमरे में उच्च-स्तरीय बैठक की।
इससे पहले रविवार को श्री फडणवीस की श्री शाह से हुई मुलाकात के बाद श्री शिंदे आज सुबह सेनापति बापट रोड स्थित जेडब्ल्यू मैरियट होटल में भाजपा के शीर्ष रणनीतिकार के साथ बैठक में शामिल होने के लिए शहर पहुंचे। शीर्ष नेतृत्व की इस मुख्य बैठक से पहले भाजपा नेता चंद्रकांत पाटिल, रवींद्र चह्वाण और सांसद ओमराजे निंबालकर सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की।
सूत्रों ने पुष्टि की कि इसके बाद श्री शाह, श्री फडणवीस, श्री शिंदे और श्री चह्वाण ने बंद कमरे में एक साथ बैठे, हालांकि बैठक के एजेंडे का आधिकारिक विवरण अभी गुप्त रखा गया है।
श्री शाह अभी पुणे के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जहां आज उन्हें तीन प्रमुख सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होना है। मंच के पीछे चल रही राजनीतिक हलचल ने महायुति गठबंधन की ओर ध्यान आकर्षित किया है।
Also Read : बंगाल की खाड़ी में तीसरे चक्रवाती तूफान की आशंका
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, एजेंडे में दो प्रमुख मुद्दे हावी हैं : महाराष्ट्र के कई हिस्सों में सूखे की स्थिति बिगड़ने के साथ ही राज्य सरकार केंद्र से अधिकतम वित्तीय सहायता की मांग कर रही है। श्री फडणवीस ने रविवार को श्री शाह के साथ अपनी व्यक्तिगत बैठक के दौरान इस संकट का विस्तृत आकलन पहले ही प्रस्तुत कर दिया था और सोमवार के संयुक्त सत्र में केंद्रीय राहत की रूपरेखा को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।
यह बैठक राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर एक सप्ताह से चल रही अटकलों के बीच हो रही है। एक ऐसा कदम, जो यदि साकार होता है, तो राज्य में बड़े मंत्रिमंडल फेरबदल को जन्म दे सकता है। राकांपा के दोनों खेमों ने हालांकि आधिकारिक तौर पर विलय की बात को खारिज कर दिया है, लेकिन पर्दे के पीछे तेज राजनीतिक गतिविधियां जारी हैं, जिससे सोमवार की महायुति नेतृत्व की यह बैठक सत्तारूढ़ गठबंधन के लिए एक निर्णायक क्षण बन गयी है।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



