नई दिल्ली। एनसीपी के संस्थापक शरद पवार ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी का विलय सुनेत्रा पवार की एनसीपी के साथ नहीं होगा। गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से अटकलें लगाई जा रही थीं कि दोनों एनसीपी का विलय हो सकता है। यह भी कहा जा रहा था कि शरद पवार संसद के मानसून सत्र में सरकार का साथ देंगे। पिछले दिनों वे अपनी बेटी सुप्रिया सुले के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने गए थे।
इस बीच सोमवार को शरद पवार की बेटी और बारामती की सांसद सुप्रिया सुले अपनी पार्टी के सांसद बजरंग सोनवणे के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के ले गई थीं। हालांकि यह मुलाकात सुप्रिया सुले की बेटी की शादी के रिसेप्शन का निमंत्रण देने के लिए हुई थी। लेकिन इसके बाद चर्चा तेज हो गई कि शरद पवार गुट भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल हो सकता है।
इससे पहले 22 जुलाई को शरद पवार और सुप्रिया सुले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। शरद पवार ने मोदी को एक पत्र भी सौंपा था। यह बैठक करीब 20 मिनट चली थी। बैठक को लेकर शरद पवार ने सोशल मीडिया में एक पोस्ट में कहा, ‘नीट परीक्षा के पेपर लीक, इसके खिलाफ छात्रों के आंदोलन, आंदोलन के दौरान पुलिस के गलत व्यवहार और छात्रों पर दर्ज आपराधिक मामलों समेत कृषि क्षेत्र से जुड़े कई मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विस्तार से चर्चा हुई’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


