नई दिल्ली। देश के जाने माने सामाजिक और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को एक बार फिर दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सात दिन से भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक और उनके साथियों को दिल्ली के लद्दाख भवन से हिरासत में लिया गया। इससे पहले 30 सितंबर को दिल्ली पहुंचने पर उनको दिल्ली की सीमा पर हिरासत में लिया गया था। बहरहाल, सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने के बाद पुलिस उनको मंदिर मार्ग थाने ले गई। दिल्ली पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया था।
दूसरी ओर अनशन बैठे सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे प्रदर्शन नहीं कर रहे थे, बल्कि शांतिपूर्वक बैठे थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रदर्शनकारियों को लद्दाख भवन के बाहर बैठने की कोई अनुमति नहीं है। अधिकारी ने कहा- प्रदर्शनकारियों ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने के लिए आवेदन किया है। उनके आवेदन पर विचार किया जा रहा है। उन्हें किसी अन्य स्थान पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है। हमने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, जिन्हें जल्द ही रिहा कर दिया जाएगा।
गौरतलब है सोनम वांगचुक ने अपने समर्थकों के साथ लद्दाख को राज्य का दर्जा देने और उसे संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर लेह से दिल्ली तक मार्च किया। वे 30 सितंबर को दिल्ली पहुंचे, जहां उन्हें पुलिस ने राजधानी के सिंघू बॉर्डर पर हिरासत में लिया था। उन्हें दो अक्टूबर की रात रिहा कर दिया गया था। उसके बाद उन्होंने राजघाट जाकर महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि दी थी। सोनम वांगचुक अपनी मांगों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत शीर्ष नेताओं से मुलाकात की मांग कर रहे हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


