नई दिल्ली। अभी तक भाजपा के सांसद यह मुद्दा उठा रहे थे कि अमेरिकी कारोबारी जॉर्ज सोरोस की फंडिंग कांग्रेस को होती है और डीप स्टेट भारत सरकार को अस्थिर करने की साजिश कर रहा है। लेकिन अब केंद्र सरकार के दो मंत्रियों ने यह आरोप लगाया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने यह मुद्दा उठाया है और दूसरे केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने भी यह मुद्दा उठाया है। दूसरी ओर विपक्षी पार्टियों ने कहा है कि केंद्र में भाजपा की सरकार है वह क्यों नहीं इस मुद्दे की जांच करा रही है।
इससे पहले सोमवार को केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने सदन के बाहर जॉर्ज सोरोस रिपोर्ट पर कहा कि सोरोस का मामला संसद में उठ चुका है। उन्होंने कहा- इसे और भी लोग उठाना चाहते हैं। अभी संसद चल रही है, इसलिए मैं इसका डिटेल सदन के बाहर नहीं कहूंगा। हम चाहते हैं कि पार्लियामेंट अच्छी तरह चले। जो रिपोर्ट पब्लिक डोमेन में आई है, इसमें जो तथ्य हैं, वो सबके सामने हैं। इसमें गंभीर आरोप हैं। रिजीजू ने आगे कहा- मैं किसी नेता का नाम नहीं लेना चाहता। जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन से जुड़ी हुई कई और ताकतें हैं, जो भारत के खिलाफ काम कर रही हैं।
एक अन्य केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा- कांग्रेस पार्टी हर मर्यादा को तोड़ रही है। ये लोग जॉर्ज सोरोस के इशारे पर चल रहे हैं, ये लिंक भी सामने आ गया। उन्होंने कहा- लोकसभा में कांग्रेस को 99 सीटें जरूर मिलीं, पर अब जनता हर जगह उन्हें रिजेक्ट कर रही है। कांग्रेस जिस भी पार्टी के साथ गठबंधन कर रही है, उसे डुबो रही है। सोमवार को संसद में भी भाजपा के सांसदों ने कांग्रेस की फंडिंग को लेकर हंगामा किया। इससे पहले भाजपा ने रविवार को आरोप लगाया था कि सोनिया गांधी ऐसे संगठन से जुड़ी हैं, जो कश्मीर को भारत से अलग करने की वकालत करता है। इस संगठन को जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन की तरफ से फंडिंग मिलती है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


