नई दिल्ली। तीन दिन के बाद एक बार फिर अमेरिका और ईरान ने जंग रोक दी है। साथ ही यह सहमति भी बनी है कि दोनों देशों के बीच वार्ता जारी रहेगी। हालांकि वार्ता के समय और स्थान को लेकर संशय है। कई रिपोर्ट में बताया गया है कि मंगलवार को कतर में दोनों देशों के बीच तकनीकी स्तर की वार्ता होगी। हालांकि ईरान के उप विदेश मंत्री काजिम गरीबाबादी ने कहा है कि यह खबर सही नहीं है। उन्होंने कहा है कि इस हफ्ते वार्ता नहीं होगी।
इससे पहले खबर आई थी कि अमेरिका और ईरान ने फिलहाल एक दूसरे पर सैन्य हमले रोकने पर सहमति जताई है। इसके बाद अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से खबर आई कि अमेरिका और ईरान के बीच 17 जून को जिस समझौता ज्ञापन यानी एमओयू पर दस्तखत हुआ था उसके सभी बिंदुओं पर बातचीत जारी रहेगी। बताया गया कि मंगलवार को कतर में दोनों देशों के प्रतिनिधि तकनीकी स्तर की वार्ता करेंगे।
बहरहाल, पिछले तीन दिन से अमेरिका और ईरान एक दूसरे पर हमला कर रहे थे। अमेरिका ने ईरान के 10 ठिकानों पर हमले किए थे और जवाब में ईरान ने बहरीन और कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला किया था। अब यह जंग थम गई है। इस पर सहमति बनी है कि होर्मुज की खाड़ी से गुजरने वाले व्यावसायिक जहाजों की आवाजाही नहीं रोकी जाएगी।
इस बीच ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली तकनीकी स्तर की बातचीत इस हफ्ते नहीं होगी। गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान ने इस महीने की शुरुआत में स्विट्जरलैंड में बातचीत की थी। उसी दौरान दोनों पक्ष तकनीकी स्तर पर बातचीत के लिए अलग अलग कार्य समूह बनाने पर सहमत हुए थे। हालांकि बातचीत के दौरान ही खबर आई कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को धमकी दी है। इसके बाद ईरानी पक्ष नाराज हो गया था। वार्ता करीब 80 मिनट चली थी और यह भी खबर आई थी कि ईरानी पक्ष ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल से हाथ नहीं मिलाया। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उप राष्ट्रपति जेडी वेंस कर रहे थे।
बहरहाल, ईरान के उप विदेश मंत्री गरीबाबादी ने कहा कि कतर के साथ बातचीत लगातार जारी है, जिसमें दूसरे पक्ष की ओर से किए जाने वाले वादों को लागू करने पर भी चर्चा हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया था कि दोहा में बैठक होगी, लेकिन यह खबर सही नहीं है। बैठक तभी होगी, जब सभी जरूरी शर्तें पूरी हो जाएंगी। उधर ईरान और ओमान ने सोमवार को मस्कट में ज्वांइट हॉर्मुज कमेटी की पहली बैठक की। काजिम गरीबाबादी ने ओमान के विशेष राजदूत अब्दुलअजीज अल हिनाई से मुलाकात कर हॉर्मुज से जुड़े मौजूदा मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



