फरीदाबाद। अयोध्या में राम मंदिर उड़ाने की कथित साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान की जेल में हत्या कर दी गई है। हरियाणा के फरीदाबाद जेल में बंद अब्दुल रहमान की रविवार रात को हत्या कर दी गई। हत्या के आरोप में जेल में बंद अरुण चौधरी उर्फ अब्बू जट नाम के कैदी ने रविवार को देर रात अब्दुल रहमान पर नुकीली चीज से हमला किया। इस हमले में अब्दुल रहमान की मौत हो गई।
गौरतलब है कि दोनों आरोपी उच्च सुरक्षा वाली बैरक में एक साथ बंद थे। हमले का पता चलते ही जेल अधिकारी बैरक में पहुंचे और रहमान की लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। गौरतलब है कि 20 साल के अब्दुल को गुजरात एटीएस ने मार्च 2025 में पकड़ा था। जांच में पता चला कि वह अल कायदा इन इंडियन सब कांटिनेंट के कुख्यात आतंकी अबू सूफियान के संपर्क में था। उसने अयोध्या में राम मंदिर उड़ाने की साजिश रची थी। गिरफ्तारी के समय उसके पास से दो जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद हुई थी। उसके पास कुछ वीडियो मिले, जिसमें राम मंदिर की डिटेल थी। वह भड़काऊ वीडियो सोशल मीडिया में अपलोड करता था।
दूसरी ओर उसकी हत्या करने वाला कैदी अरुण चौधरी का नाम चर्चित अक्षय शर्मा हत्याकांड में आया था। उसे पंजाब में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। दो साल पहले ही उसे कठुआ जेल से फरीदाबाद की इस नीमका जेल में शिफ्ट किया गया था। उसने अब्दुल रहमान की हत्या क्यों कर दी, इस बारे में पुलिस की ओर से कुछ नहीं बताया गया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




