राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

पांच मंत्रियों के साथ शुभेंदु ने ली शपथ

कोलकाता। शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शनिवार को शपथ ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अनेक केंद्रीय मंत्रियों और एनडीए शासित 20 राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में राज्यपाल आरएन रवि ने शुभेंदु अधिकारी और उनके साथ पांच मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शुभेंदु अधिकारी और चार अन्य मंत्रियों ने बांग्ला भाषा में ईश्वर के नाम की शपथ ली, जबकि अनुसूचित जनजाति समुदाय से मंत्री खुदीराम टुडू ने संथाली भाषा में शपथ ली। शुभेंदु के साथ जिन पांच विधायकों ने शपथ ली उनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टूडू और निशिथ प्रमाणिक शामिल हैं। इनमें प्रमाणिक पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बतौर राज्यमंत्री काम कर चुके हैं। वे उत्तरी बंगाल से आते हैं और कोच राजबंशी समुदाय के हैं, जो बंगाल का सबसे बड़ा दलित समुदाय है।

अन्य मंत्रियों की बात करें तो अशोक कीर्तनिया मतुआ समाज के हैं, जो नामशूद्र दलित समाज में आता है। खुदीराम टुडू आदिवासी हैं तो दिलीप घोष अन्य पिछड़ी जाति से आते हैं। महिला प्रतिनिधि के तौर पर अग्निमित्रा पॉल को सरकार में जगह मिली है। पश्चिम बंगाल सरकार में कुल 44 मंत्री बन सकते हैं। जल्दी बाकी मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी।

शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में हुए भव्य कार्यक्रम में में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, शिवराज सिंह चौहान सहित कई केंद्रीय मंत्री मौजूद थे। इनके अलावा एनडीए शासित राज्यों के 20 मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में पहुंचे।

प्रधानमंत्री मोदी रोड शो करते हुए कार्यक्रम में पहुंचे। मंच पर पहुंचने के बाद उन्होंने रवींद्रनाथ टैगोर को उनकी जयंती पर श्रद्धाजंलि दी। इसके बाद वे भाजपा के 98 साल के कार्यकर्ता माखनलाल सरकार के पास गए, उन्हें शॉल ओढ़ाया और पैर छुए। मुख्यमंत्री और मंत्रियों की शपथ पूरी होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने मंच से घुटनों के बल झुककर बंगाल की जनता को प्रणाम किया।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

thirteen − two =