श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। पिछले दिनों सीआरपीएफ की एक पोस्ट पर अंधाधुंध फायरिंग करके तीन जवानों को घायल कर देने की घटना में शामिल दो आतंकवादियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है। आतंकियों ने सीआरपीएफ की पोस्ट पर 30 राउंड गोलियां चलाई थीं। इसका एक वीडियो भी सामने आया था। अब सुरक्षा बलों ने इन आतंकियों को कुलगाम जिले के लारू में मार गिराया।
पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि मरने वाला आतंकी लश्कर ए तैयबा का घाटी में एकमात्र बचा कमांडर लतीफ भट और उसका साथी उमर है। सुरक्षा एजेंसियों ने उमर की लाश बरामद कर ली है, लेकिन लतीफ की बॉडी नहीं मिली है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में लतीफ के घायल होने और छिपे होने की खबर है और बताया जा रहा है कि उसकी तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है। गौरतलब है कि लतीफ भट इससे पहले भी सुरक्षा बलों की कार्रवाई से बच गया था।
बहरहाल, सेना के एक अधिकारी ने इस ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बताया कि आतंकियों की सूचना मिलने के बाद जम्मू कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों की साझा टीम ने इलाके में घेराबंदी की थी। तलाशी के दौरान संदिग्ध ठिकाने के पास पहुंचते ही छिपे आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। करीब तीन घंटे चली मुड़भेड़ के बाद इन्हें मार गिराया गया। इन आतंकियों ने 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में सीआरपीएफ की पोस्ट पर हमला किया था।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



