नई दिल्ली। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी आईआरजीसी ने दावा किया है कि उसने होरमुज की खाड़ी से गुजरने की कोशिश कर रहे तीन जहाजों को वापस लौटा दिया है। इतना ही नहीं ईरान ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस दावे का भी खंडन किया है कि ईरान ने पाकिस्तानी झंडे वाले 10 जहाजों को होरमुज की खाड़ी से गुजरने दिया। बहरहाल, ईरानी मीडिया ने आईआरजीसी के हवाले से खबर दी है कि लौटाए गए तीन जहाज अलग अलग देशों के थे और चेतावनी देने के बाद इन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया गया।
आईआरजीसी ने कहा है कि होरमुज की खाड़ी का रास्ता उन जहाजों के लिए बंद कर दिया गया है जो ‘अमेरिका और उसके सहयोगी देशों के बंदरगाहों’ से आते या जाते हैं। बयान में यह भी कहा गया है कि ऐसे जहाजों की आवाजाही, चाहे वे किसी भी रास्ते से गुजरने की कोशिश करें, पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। ईरान ने साफ किया कि अमेरिका और इजराइल से जुड़े देशों के बंदरगाहों से आने जाने वाले जहाजों पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



