राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

गंगोत्री से गंगासागर तक कमल खिला- मोदी

नई दिल्ली। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल सहित तीन राज्यों में एनडीए की जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल की जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और इस जीत को सालों की साधना की सिद्धी बताया। उन्होंने कहा कि आज 20 से ज्यादा राज्यों में भाजपा की सरकार है क्योंकि देश की जनता भाजपा पर भरोसा करती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित पार्टी मुख्यालय में कहा, ‘आज का दिन ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है। सालों की साधना जब सिद्धी में बदलती है तो चेहरे पर जो खुशी होती है वो खुशी में देश भर के कार्यकर्ताओं के चेहरे पर देख रहा हूं’। उन्होंने आगे कहा, ‘पिछले साल 14 नवंबर को मैंने यहीं से कहा था गंगा जी बिहार से आगे होते हुए गंगासागर तक जाती हैं। आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल ही कमल खिला है’।

मोदी ने कहा, ‘उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल। आज मां गंगा के पास बसे राज्यों में भाजपा एनडीए सरकार है। एक कार्यकर्ता होने के नाते मैं भाजपा के हर कार्यकर्ता की खुशी में शामिल हूं’। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कहा, ‘आज का ये दिन कई मायनों में खास है। ये देश के उज्जवल भविष्य की उद्घोषणा, भरोसे का दिन है। भरोसा भारत महान लोकतंत्र पर, भरोसा परफॉर्मेंस की पॉलिटिक्स पर, भरोसा एक भारत श्रेष्ठ भारत भावना पर’।

भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए मोदी ने कहा, ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा को कितनी शांति मिली होगी। उन्होंने 1951 में जनसंघ की स्थापना करके हर कार्यकर्ता को संदेश दिया कि देश के लिए जीना और देश के लिए मरना है। डॉ. मुखर्जी ने बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने के लिए बड़ी लड़ाई लड़ी’। हाल में भाजपा को मिली जीत के बारे में मोदी ने कहा, ‘आप दो साल के ट्रेंड देखिए हरियाणा में लगातार तीसरी बार, महाराष्ट्र में जोरदार विजय, दिल्ली में अभूतपूर्व जीत, बिहार में भी पहले से बड़ी जीत मिली’। उन्होंने कहा, ‘आज देश के 20 से ज्यादा राज्यों में भाजपा एनडीए की सरकारें हैं। हमारा मंत्र है नागरिक देवो भव। हम जनता की सेवा में जुटे हैं। इसलिए जनता भाजपा पर ज्यादा भरोसा कर रही है’।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

fourteen − 2 =