राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

पश्चिम बंगाल में कमल खिला

कोलकाता। आखिरकार पश्चिम बंगाल में कमल खिल गया। भाजपा की पूर्ववर्ती भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव जीत लिया है। बंगाल की 293 सीटों पर दो चरणों में हुए मतदान में भाजपा ने दो तिहाई से ज्यादा बहुमत हासिल किया है। देर रात तक सभी सीटों के नतीजे नहीं घोषित हुए थे। लेकिन जीत और बढ़त मिला कर भाजपा की संख्या 208 पहुंच गई थी। दूसरी ओर ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस 79 सीटों पर अटक गई।

अगर वोट प्रतिशत की बात करें तो भारतीय जनता पार्टी को उसमें भी बड़ी बढ़त हासिल हुई है। उसे 45 फीसदी से ज्यादा वोट मिलते दिख रहे हैं। ममता बनर्जी की पार्टी को करीब 41 फीसदी वोट मिले हैं। इस तरह अन्य के खाते में 14 फीसदी के करीब वोट गए हैं। गौरतलब है कि पिछली बार भी अन्य के खाते में 14 फीसदी वोट गए थे लेकिन सीट सिर्फ एक मिली थी। इस बार अन्य को छह सीटें मिली हैं। राज्य में 23 और 29 अप्रैल को मतदान हुए थे और रिकॉर्ड 92 फीसदी से ज्यादा मतदाताओं ने वोट डाले थे।

तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी भवानीपुर सीट पर चुनाव हार गई हैं। भाजपा के शुभेंदु अधिकारी ने उनको उनके गढ़ में हराया। शुभेंदु अधिकारी अपनी पांरपरिक नंदीग्राम सीट से भी चुनाव जीत गए हैं। वे दो सीटों से लड़े थे। चुनाव नतीजों से तस्वीर स्पष्ट होने के बाद ममता बनर्जी ने देर शाम को कहा, ‘भाजपा की यह जीत नहीं बल्कि लूट है। चुनाव आयोग ने केंद्रीय बलों, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के साथ मिलकर जो कुछ भी किया है वह पूरी तरह से गैरकानूनी है’।

सोमवार को आए चुनाव नतीजों में एक बार फिर कांग्रेस और लेफ्ट दोनों को झटका लगा है। दोनों पार्टियां इस बार अलग अलग लड़ी थीं। कांग्रेस को दो और सीपीएम को एक सीट मिली है। कांग्रेस के दिग्गज नेता अधीर रंजन चौधरी और हाल ही में तृणमूल कांग्रेस छोड़ कर कांग्रेस में लौटीं पूर्व सांसद मौसम बेनजीर नूर दोनों चुनाव हार गए हैं। बाबरी मस्जिद बनाने का ऐलान करने वाले हुमायूं कबीर रेजीनगर और नौदा दोनों सीटों से जीत गए हैं। राज्य की एक फालता सीट पर मतदान रोक दिया गया है। वहां 21 मई को चुनाव होगा।

बड़े नेताओं की सीटों के अलावा दिलचस्पी वाली सीट पानीहाटी की थी, जहां से भाजपा ने आरजी कर रेप विक्टिम की मां रत्ना देबनाथ को टिकट दिया था। वे चुनाव जीत गई हैं।

इस बीच पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव ने सभी विभागीय सचिवों को आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया कि किसी भी सरकारी दफ्तर से कोई भी फाइल या कागज गायब न हो। चुनाव नतीजों में तस्वीर स्पष्ट होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘पश्चिम बंगाल में कमल खिल गया! 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हमेशा याद रखे जाएंगे। जनता की शक्ति की जीत हुई है और BJP की सुशासन की राजनीति सफल रही है। मैं पश्चिम बंगाल के हर एक व्यक्ति के सामने नतमस्तक हूं’।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

five × 1 =