नई दिल्ली। चार दिन की देरी से मानसून चार जून को केरल पहुंच सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण पश्चिम मानसून चार जून तक केरल के समुद्र तट तक पहुंचेगा। आमतौर पर यह 31 मई या एक जून तक पहुंचता है। हालांकि इस बार मौसम विभाग ने 26 मई तक की मानसून के केरल तट पर पहुंचने का अनुमान जाहिर किया था। बताया जा रहा है कि उसके बाद इसकी रफ्तार सामान्य रहेगी और यह डेढ़ महीने में पूरे देश को कवर कर लेगा।
इस बीच देश के 20 से ज्यादा राज्यों में जून की शुरुआत के साथ गर्मी से राहत मिली है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, मध्य प्रदेश, हरियाणा और बिहार के कई इलाकों में बारिश, आंधी के साथ ओलावृष्टि हुई है। कई जगह बादल छाने से तापमान सामान्य से नीचे दर्ज हुआ। मध्य प्रदेश के नीमच में सोमवार रात मकान की छत ढहने से मां-बेटे की मौत हो गई। वहीं, राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर में दीवार ढहने से दो बच्चों सहित तीन लोगों की मौत हो गई।
उधर जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के गहन सरथल और माछीपाल इलाके में मंगलवार को बादल फटे है। अधिकारियों के मुताबिक, हालात का जायजा लेने के लिए प्रशासन की टीमें मौके पर भेजी गई हैं। लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।


