नई दिल्ली। पूरे देश में गर्मी चरम पर है और उत्तर व मध्य भारत के ज्यादातर हिस्से औकक दक्षिण भारत के कुछ हिस्से भी लू की चपेट में हैं। भारत के शहरों का तापमान दुनिया के सबसे गर्म शहरों में दर्ज हो रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक तेलंगाना में अब तक गर्मी और हीटवेव की वजह से 16 मौतें हो चुकी हैं। राज्य के राजस्व मंत्री श्रीनिवास रेड्डी ने इसके बारे में जानकारी दी।
मौसम विभाग की ओर से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान सहित उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत के 11 राज्यों में तापमान हीटवेव की चेतावनी जारी की गई। इन सभी राज्यों में तापमान 40 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मध्य प्रदेश के नौगांव और उत्तर प्रदेश के बांदा में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि अगले जो दिन तक गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।
गौरतलब है कि मौसम का हाल बताने वाली निजी एजेंसी एक्यूआई ने शुक्रवार को बताया था कि दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों की सूची में सभी शहर भारत के थे। अकेले उत्तर प्रदेश के 22 शहर दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में थे। भारत में गर्मी लोगों को ज्यादा परेशान करने वाली इसलिए भी है कि रात का तापमान भी 30 डिग्री से ऊपर रह रहा है और देश के ज्यादातर हिस्सों में बिजली की कटौती हो रही है।


