नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और भाजपा पर हमला करते हुए कहा है कि भाजपा वाले चाहते हैं कि वे उनके साथ चले आएं तो सारे मुकदमे खत्म हो जाएंगे। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को भाजपा पर हमला किया और कहा कि वह उनके विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रही है। केजरीवाल ने कहा- वे कहते हैं बीजेपी में आ जाओ, हम छोड़ देंगे। मैंने कहा बिल्कुल नहीं आऊंगा बीजेपी में, कतई नहीं आऊंगा बीजेपी में… बीजेपी में चले जाओ तो सारे खून माफ!
गौरतलब है कि दिल्ली की शराब नीति में हुए कथित घोटाले से जुड़े धन शोधन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने केजरीवाल को पांच समन जारी किया है लेकिन वे एक बार भी पूछताछ के लिए नहीं गए। इस मामले में उनकी पार्टी के दो बड़े नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह जेल में बंद हैं। इस बीच केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि भाजपा ने उनके सात विधायकों को 25-25 करोड़ रुपए का ऑफर दिया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा उनसे पूछताछ करना चाहती है।
बहरहाल, रविवार को दिल्ली के किराड़ी में चार सरकारी स्कूलों के शिलान्यास के दौरान अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा- वे जो मर्जी षड्यंत्र कर लें, हमारे खिलाफ कुछ नहीं होने वाला..और मैं भी डटा हुआ हूं उनके खिलाफ, मैं भी नहीं झुकने वाला। उन्होंने कहा- हमने कौन सा गलत काम किया है? स्कूल ही तो बनवा रहे हैं, अस्पताल, सड़कें बनवा रहे हैं, सीवर ठीक करवा रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा कि भले ही उन्हें जेल भेज दिया जाए, स्कूल बनाने और लोगों को मुफ्त इलाज मुहैया कराने जैसे दिल्ली सरकार के जारी विकास कार्य रुकेंगे नहीं। केजरीवाल ने कहा- मनीष सिसोदिया को जेल में डाल दिया गया क्योंकि उन्होंने स्कूल बनवाए। सत्येंद्र जैन को जेल भेज दिया गया क्योंकि उन्होंने मोहल्ला क्लीनिक बनवाए।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


