श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में एक बार फिर आतंकवादियों ने सेना की गाड़ियों पर हमला किया है। इस बार भी हमला पुंछ के इलाके में ही हुआ है। पुंछ में आतंकवादियों ने सेना की गाड़ियों पर फायरिंग की। सेना के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस हमले में जवानों को किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। पिछले तीन हफ्ते में इस क्षेत्र में सेना पर यह दूसरा हमला है। गौरतलब है कि गुरुवार को ही सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने कहा था कि जम्मू कश्मीर में आतंकवादी घुसपैठ की फिराक में हैं।
बहरहाल, खबर मिलने तक मुठभेड़ में किसी के घायल होने कोई रिपोर्ट नहीं थी और दोनों ओर से गोलीबारी जारी थी। इससे पहले राजौरी के डेरा की गली में सेना की दो गाड़ियों पर घात लगाकर हमला किया गया था, जिसमें चार सैनिक शहीद हो गए थे और पांच अन्य घायल हो गए थे। शुक्रवार की शाम को सेना की गाड़ियों पर जिस जगह पर हमला किया गया वह पहले हुए हमले की जगह से करीब 40 किलोमीटर दूर है।
गौरतलब है कि राजौरी और पुंछ का इलाका 2003 से आतंकवाद से मुक्त थे लेकिन अक्टूबर 2021 से इस इलाके में बड़े हमले फिर से शुरू हो गए हैं। पिछले सात महीनों में अधिकारियों और कमांडो सहित 20 सैनिक मारे गए हैं। पिछले दो वर्षों में इन क्षेत्रों में आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान 35 से अधिक सैनिक मारे गए हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



