nayaindia lok sabha elections छठे चरण का प्रचार थमा

छठे चरण का प्रचार थमा

Lok Sabha Election 2024 Phase 2

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण के मतदान का प्रचार समाप्त हो गया है। आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 58 सीटों के लिए गुरुवार की शाम को प्रचार थम गया। शनिवार को इन सीटों पर मतदान होगा। छठे चरण में राजधानी दिल्ली की सभी सात सीटों पर वोट डाले जाएंगे। दिल्ली से सटे हरियाणा की भी सभी 10 सीटों पर छठे चरण में मतदान होगा। इससे पहले पांच चरण में 429 सीटों पर मतदान हो चुका है। छठे चरण के बाद कुल 487 सीटों पर चुनाव संपन्न हो जाएगा। आखिरी चरण में एक जून को बची हुई 56 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। वोटों की गिनती चार जून को होगी।

छठे चरण में जम्मू कश्मीर की अनंतनाग राजौरी संसदीय सीट पर वोटिंग होगी, जहां मतदान तीसरे चरण में होना था लेकिन खराब मौसम की वजह से उसे टाल दिया गया था। छठे चरण में लोकसभा की 58 सीटों के साथ साथ ओडिशा की 42 विधानसभा सीटों पर भी मतदान होगा। इसके लिए भी प्रचार गुरुवार को थम गया। शनिवार को छठे चरण में पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के साथ साथ हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की किस्मत भी दांव पर लगी है।

शनिवार को छठे चरण में जिन सीटों पर मतदान होना है उनमें उत्तर प्रदेश की 14, हरियाणा की सभी 10, बिहार और पश्चिम बंगाल की आठ-आठ, दिल्ली की सभी सात, ओडिशा की छह और झारखंड की चार सीटें शामिल है। जम्मू कश्मीर की एक सीट पर भी वोट डाले जाएंगे। पिछले लोकसभा चुनाव में यानी 2019 में इन 58 में से 40 सीटें भाजपा ने जीती थीं। चार सीटों के साथ बहुजन समाज पार्टी दूसरे स्थान पर थी, जबकि कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था। पिछले चुनाव में इन 58 सीटों पर कुल 64.22 फीसदी फीसदी वोट पड़े थे। सबसे ज्यादा 84.59 फीसदी मतदान पश्चिम बंगाल में हुआ था। सबसे कम 8.98 फीसदी मतदान जम्मू कश्मीर में दर्ज किया गया था।

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में कुल 889 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। शनिवार को मतदान सुबह सात बजे से शुरू होगा और शाम छह बजे तक चलेगा। छठे चरण का प्रचार समाप्त होने से पहले गुरुवार को सभी पार्टियों के नेताओं ने प्रचार में पूरा जोर लगाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के भिवानी महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र में भाजपा की जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद वे पंजाब गए। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी हरियाणा में सभा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के मंगोलपुरी और सीमापुरी में जनसभा को संबोधित किया। भाजपा की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली में जनसभा की। केंद्रीय मंत्रियों पीयूष गोयल और स्मृति ईरानी ने भाजपा के चुनाव कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें