नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान सहित देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। मौसम विभाग ने नए साल की पूर्व संध्या पर और नए साल के दिन मौसम कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार को कहा कि उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों के कई हिस्सों में घना से अधिक घना कोहरा रहने की संभावना है। यह भी कहा जा रहा है कि अगले दो दिनों में पूर्वी भारत तक कोहरे की बढ़ने की संभावना है।
ठंड और शीतलहर को लेकर मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिनों में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भीषण ठंड का सामना करना पड़ सकता है। कई इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में दो जनवरी की सुबह तक और कुछ हिस्सों में उसके बाद के तीन दिनों तक बहुत घने कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने कहा कि दो जनवरी की सुबह तक राजस्थान और उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाए रहने की भी संभावना है। इसके मुताबिक नए साल के पहले दिन एक दर्जन से ज्यादा राज्यों में घना कोहरा रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब और हरियाणा में चार जनवरी तक शीतलहर चलेगी। उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में नए साल के पहले दिन अलग अलग इलाकों में शीतलहर की स्थिति होने की संभावना है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


