राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

तमिलनाडु सरकार पर सुप्रीम कोर्ट सख्त

नई दिल्ली। तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम जलाने के विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। सर्वोच्च अदालत ने शुक्रवार को मंदिर के न्यासी मंडल को निलंबित कर दिया और मंदिर व तिरुप्परनकुंद्रम की पहाड़ी की सुरक्षा का जिम्मा तमिलनाडु पुलिस से लेकर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल यानी सीआरपीएफ को सौंप दिया। अदालत ने शनिवार को पहाड़ी पर स्थित विवादित दीपथून पर दीप जलाने का आदेश दिया है। इसके साथ ही राज्य के मुख्य सचिव सहित कई बड़े अधिकारियों को अदालत की अवमानना का नोटिस जारी किया गया है।

सुप्रीम कोर्ट ने राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों के आचरण पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि पहली नजर में यह न्यायिक आदेशों की खुली अवहेलना और प्रशासनिक अराजकता का मामला है। अदालत ने साफ किया कि सरकार के अधिकारी यह तय नहीं कर सकते हैं कि अदालत के किस आदेश का पालन करना है और किसका नहीं। अदालत का आदेश कोई ऐसी चीज नहीं है, जिस पर अधिकारी बातचीत करें या मोलभाव करें।

जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम पंचोली की बेंच ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से अदालत में हाजिर होने का निर्देश दिया है। उनसे कहा गया है कि वे हलफनामा देकर बताएं कि अदालत के आदेश का पालन कराने के सिलसिले में राज्य सरकार के अधिकारियों के बीच क्या बातचीत हुई थी। अदालत ने संबंधित अधिकारियों के बीच हुए ईमेल, फोन पर हुई बातचीत और संदेशों का पूरा ब्योरा मांगा है।

मुख्य सचिव के अलावा राज्य के पुलिस महानिदेशक, हिंदू धार्मिक व धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के सचिव और आयुक्त, मदुरै के जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त और पुलिस अधीक्षक सहित मंदिर के अधिकारियों व अन्य संबंधित लोगों को भी अवमानना का नोटिस जारी किया गया है।

सुप्रीम कोर्ट ने अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के न्यासी मंडल को निलंबित करते हुए निर्देश दिया है कि 24 नवंबर को उच्चिपिल्लैयार मंडपम में जिस दीप को जलाया गया था, उसकी लौ से ही शनिवार को विवादित दीपथून पर दीप जलाया जाए। अदालत का कहना है कि तमिलनाडु पुलिस उसके आदेश का पालन कराने में नाकाम रही है। इसलिए अब मंदिर और पहाड़ी की सुरक्षा केंद्रीय बल के हवाले की जा रही है।

इस पूरे विवाद की शुरुआत सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश पर अमल नहीं होने से हुई है। सर्वोच्च अदालत ने 24 नवंबर को एक बार के लिए विवादित दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी। लेकिन उस दिन सिर्फ परंपरागत उच्चिपिल्लैयार मंडपम में दीप जलाया गया। दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट में अवमानना की याचिकाएं दायर की गईं।

शुक्रवार को सुनवाई के दौरान भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण यानी एएसआई की ओर से पेश हुए सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि मंदिर के न्यासियों ने एएसआई के अधिकारियों को प्रवेश देने के बारे में कहा था कि उन्हें अपने वरिष्ठ अधिकारियों से कोई निर्देश नहीं मिला है। तुषार मेहता ने इसे प्रशासनिक अहंकार और अदालत की घोर अवमानना का मामला बताया। उन्होंने अदालत से अनुरोध किया कि अवमानना के आरोपियों का पक्ष सुनने से पहले विवादित जगह पर दीप जलाने की व्यवस्था की जाए।

मदुरै के जिलाधिकारी की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन ने कहा कि एएसआई के अधिकारियों के साथ इस बारे में सलाह मशविरा किया गया था और कई बैठकें भी हुई थीं। मदुरै के पुलिस आयुक्त का पक्ष रखते हुए वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ लूथरा ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। निषेधाज्ञा भी लागू की गई थी।

बहरहाल, सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया कि अभी वह सिर्फ अपने 20 नवंबर के आदेश का पालन नहीं किए जाने के मामले पर विचार कर रहा है। अदालत ने कहा कि जब तक किसी न्यायिक आदेश में अदालत खुद बदलाव नहीं करती है, तब तक सरकार, उसके अधिकारियों और संबंधित संस्थाओं के लिए उसका पालन करना अनिवार्य है। खासतौर से प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से जानबूझ कर अदालती आदेशों का पालन नहीं किए जाने के मामलों से सख्ती से निपटना होगा।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment