राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

टाटा संस का राहत नहीं

मुंबई। टाटा संस के कार्यकारी चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को तीसरा कार्यकाल दिए जाने के विवाद के बीच कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक 30 नवंबर को होगी। बंबई हाई कोर्ट ने टाटा ट्रस्ट की ओर से बैठक टालने की मांग शुक्रवार को खारिज कर दी। हालांकि अदालत ने साफ किया है कि निदेशक मंडल की बैठक में किए जाने वाले सभी फैसले अदालत के अंतिम आदेश के अधीन होंगे। चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर अब अगले साल 18 जनवरी को सुनवाई होगी।

टाटा संस के चेयरमैन की नियुक्ति का विवाद ऐसे समय में अदालत पहुंचा है, जब कंपनी के प्रबंधन और टाटा ट्रस्ट के बीच टाटा संस को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने के मुद्दे पर मतभेद चल रहे हैं। टाटा संस में करीब 66 फीसदी हिस्सेदारी टाटा ट्रस्ट की है और ट्रस्ट चाहते हैं कि कंपनी शेयर बाजार में सूचीबद्ध नहीं हो।

इस बीच भारतीय रिजर्व बैंक ने टाटा संस को अनिवार्य सूचीबद्धता के मुद्दे पर अपना रुख साफ करने के लिए 12 दिसंबर तक का समय दिया है। शुक्रवार को हाई कोर्ट में टाटा संस का पक्ष रखते हुए वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे ने इसी समयसीमा का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि रिजर्व बैंक की ओर से तय समयसीमा को देखते हुए निदेशक मंडल की बैठक करना जरूरी है। उन्होंने अदालत को बताया कि बैठक में किए जाने वाले सभी फैसले अदालत के अंतिम आदेश के अधीन होंगे।

दूसरी ओर टाटा ट्रस्ट की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने आरोप लगाया कि टाटा संस का प्रबंधन रिजर्व बैंक के निर्देश का हवाला देकर निदेशक मंडल की बैठक कराने की जल्दबाजी दिखा रहा है।

सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आरडी टाटा ट्रस्ट ने एन चंद्रशेखरन को तीसरी बार कार्यकारी चेयरमैन नियुक्त करने के फैसले को बंबई हाई कोर्ट में चुनौती दी है। दोनों ट्रस्ट का दावा है कि इस साल 17 सितंबर को चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति के लिए लाए गए प्रस्ताव को कंपनी के अंतर्नियमों के अनुच्छेद 121 के तहत जरूरी संख्या में समर्थन के वोट नहीं मिले थे। इसलिए उनकी पुनर्नियुक्ति का प्रस्ताव वैध नहीं है।

टाटा ट्रस्ट ने अदालत से निदेशक मंडल की बैठक टालने के साथ साथ यह अनुरोध भी किया था कि बैठक में किसी मुद्दे पर मत बराबर होने की स्थिति में चेयरमैन को अपने निर्णायक मत का इस्तेमाल करने से रोका जाए। जस्टिस अभय आहूजा की बेंच ने शुक्रवार को तत्काल राहत देने से इनकार करते हुए टाटा संस और अन्य प्रतिवादियों को याचिकाओं पर जवाबी हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया। इस मामले की अगली सुनवाई 18 जनवरी 2027 को होगी।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment