नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व प्रधान न्यायाधीश जस्टिस बीआर गवई ने अपने रिटायर होने के करीब एक साल बाद उच्च न्यायपालिका में जजों की नियुक्ति और तबादले की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को तीन पन्नों की चिट्ठी लिख कर आरोप लगाया है कि उच्च न्यायपालिका में नियुक्तियों के मामले में समाज के एक खास वर्ग को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने राष्ट्रपति से इस मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। चिट्ठी की प्रतियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को भी भेजी गई हैं।
पूर्व प्रधान न्यायाधीश ने केंद्र सरकार के आंकड़ों के हवाले से बताया है कि 2018 के बाद से देश के हाई कोर्टों में जिन 715 जजों की नियुक्ति हुई, उनमें सिर्फ 22 अनुसूचित जाति और 16 अनुसूचित जनजाति के थे। अन्य पिछड़ा वर्ग से 89 और अल्पसंख्यक समुदायों से सिर्फ 37 जजों की नियुक्ति हुई। जस्टिस गवई के मुताबिक जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच जजों की नियुक्ति में करीब 80 फीसदी हिस्सेदारी अगड़े समुदायों की रही है।
उन्होंने अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व का सवाल उठाते हुए कहा है कि देश की आबादी में इस वर्ग की हिस्सेदारी 40 से 50 फीसदी होने का अनुमान है। लेकिन उच्च न्यायपालिका में इस वर्ग की हिस्सेदारी 14 फीसदी से भी कम है। उन्होंने कहा है कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े वर्गों और अल्पसंख्यकों के अलावा महिलाओं को भी नियुक्तियों में पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं।
जस्टिस गवई ने सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा प्रधान न्यायाधीश और अपने उत्तराधिकारी जस्टिस सूर्यकांत का नाम लिए बगैर हाल में हुई कुछ नियुक्तियों पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि उच्च न्यायपालिका में जजों की नियुक्ति के मामले में विविधता, समावेशिता और योग्यता के सिद्धांतों की अनदेखी हो रही है। उन्होंने कहा है कि जब वे सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम के सदस्य और बाद में उसके प्रमुख थे, तब उन्होंने समाज के सभी वर्गों को उच्च न्यायपालिका में उचित प्रतिनिधित्व दिलाने की कोशिश की थी।
पूर्व प्रधान न्यायाधीश ने अपनी चिट्ठी में सिर्फ जजों की नियुक्ति का सवाल नहीं उठाया है, बल्कि हाई कोर्टों के मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति और उनके तबादलों के कुछ फैसलों पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि हाल के कुछ तबादलों में योग्यता की बजाय दूसरे कारकों को प्राथमिकता दी गई।
उन्होंने एक मुख्य न्यायाधीश का उदाहरण देते हुए कहा है कि पहले उन्हें छोटे हाई कोर्टों में भेजा गया और उसके बाद एक प्रमुख हाई कोर्ट में उनका तबादला किया गया। इसके लिए एक दूसरे योग्य मुख्य न्यायाधीश का तबादला करना पड़ा। जस्टिस गवई के मुताबिक इस तरह के फैसलों का असर मेहनती जजों के मनोबल पर पड़ता है। इससे समाज के वंचित वर्गों से आने वाले लोगों पर भी प्रतिकूल असर होता है।
जस्टिस गवई ने सुप्रीम कोर्ट में समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधित्व के बारे में कहा है कि सर्वोच्च अदालत में जजों की नियुक्ति के लिए उनकी जाति का रिकॉर्ड नहीं रखा जाता है। इसलिए सुप्रीम कोर्ट में अलग-अलग वर्गों की वास्तविक हिस्सेदारी का आकलन करना मुश्किल है। उन्होंने एक समुदाय के अनुपात से ज्यादा प्रतिनिधित्व का भी जिक्र किया है।
पूर्व प्रधान न्यायाधीश ने कहा है कि वे सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम के पूर्व सदस्य और पूर्व प्रमुख के साथ साथ देश के एक चिंतित नागरिक के नाते राष्ट्रपति को यह चिट्ठी लिख रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रपति से आग्रह किया है कि वे मौजूदा स्थिति का संज्ञान लें और उच्च न्यायपालिका में समाज के सभी वर्गों को समान प्रतिनिधित्व देने के संवैधानिक दायित्व की याद दिलाएं। ध्यान रहे जस्टिस बीआर गवई पिछले साल 23 नवंबर को प्रधान न्यायाधीश के पद से रिटायर हुए थे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



