Wednesday

30-04-2025 Vol 19

कांग्रेस अर्बन नक्सलियों के हाथ में: मोदी

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कांग्रेस पार्टी पर बड़ा हमला किया। उन्होंने अर्बन नक्सल का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस अब अर्बन नक्सलियों के हाथ में चली गई है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अब कंपनी बन गई है। इसे पार्टी के नेता नहीं चला रहे हैं। मोदी ने कहा- यह पार्टी आउटसोर्स पर चल रही है। कांग्रेस का ठेका अब कुछ अर्बन नक्सलियों के पास है। कांग्रेस में अब अर्बन नक्सलियों की ही चल रही है। मोदी ने दावा किया कि ये बात ग्राउंड पर कांग्रेस का हर कार्यकर्ता महसूस कर रहा है, इसलिए कांग्रेस लगातार खोखली हो रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर हमला करते हुए कहा- कांग्रेस आज भी उसी पुराने ढर्रे और पुरानी मानसिकता पर चल रही है। चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए इनके नेताओं के लिए गरीब का जीवन मायने नहीं रखता है। उन्होंने कहा- कांग्रेस के लिए गरीब किसान का खेत फोटो सेशन का मैदान है। इन्होंने अतीत में भी यही काम किया और आज भी यह काम कर रहे हैं। महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा- घमंडिया गठबंधन ने बेमन से इस कानून का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हिम्मत नहीं हुई कि वह इसका विरोध करे।

मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा- बीजेपी सरकार ने भव्य संसद भवन बनाया है…पूरा देश इसकी प्रशंसा कर रहा है, लेकिन कांग्रेस ने पहले दिन से ही विरोध करना शुरू कर दिया है। अब भी कांग्रेस नकारात्मकता फैला रही है। भारत की उपलब्धि कांग्रेस को पसंद नहीं आती है।  प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को भोपाल के जम्बूरी मैदान में बीजेपी कार्यकर्ता महाकुंभ में कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कांग्रेस पर हमला किया और कहा- मध्य प्रदेश में कांग्रेस के शासन की पहचान थी कुनीति, कुशासन और करोड़ों का भष्टाचार। आजादी के बाद मध्य प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस का शासन रहा लेकिन कांग्रेस ने साधन संपन्न मध्य प्रदेश को बिमारू बना दिया।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *