नई दिल्ली। भारत का महाशक्ति पड़ोसी देश चीन तो भारत के कई इलाकों को अपना बताता ही रहता है अब सबसे छोटे पड़ोसी चीन ने भी भारत का नक्शा बदलने का फैसला किया है। खबरों के मुताबिक वह अपने यहां सौ रुपए के नोट पर देश का नक्शा प्रकाशित करने जा रहा है, जिसमें वह भारत के तीन इलाकों को अपने हिस्से में दिखाएगा। ये तीन ऐसे हिस्से हैं, जिनको लेकर नेपाल के साथ लंबे समय से सीमा विवाद चल रहा है। ये तीन इलाके हैं, लिपुलेख, लिंपियाधुरा और कालापानी। इन इलाकों को लेकर भारत और नेपाल के बीच करीब 35 साल से विवाद है।
बताया जा रहा है कि नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई एक बैठक के दौरान यह फैसला किया गया। सरकार की प्रवक्ता रेखा शर्मा ने कैबिनेट मीटिंग के बाद बताया कि 25 अप्रैल और दो मई की बैठक में एक सौ रुपए के नोट को नया रूप देने पर सहमति बनी है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री प्रचंड ने मार्च में ही नेपाली कांग्रेस पार्टी के साथ गठबंधन तोड़कर सीपीएन यूएमएल पार्टी के साथ सरकार बनाई। इस पार्टी के नेता केपी शर्मा ओली हैं, जिन्हें चीन का समर्थक कहा जाता है।
इससे पहले नेपाल ने 18 जून 2020 को देश का नया राजनीतिक नक्शा जारी किया था। इसमें लिपुलेख, लिंपियाधुरा और कालापानी को नेपाल का हिस्सा दिखाया गया था। इसके लिए नेपाल के संविधान में भी बदलाव किया गया था। भारत सरकार ने नेपाल के इस कदम को एकतरफा बताते हुए इसका विरोध किया था। ये तीनों इलाके भारत के अंदर आते हैं। नोट पर भारत का नया नक्शा प्रकाशित करने से दोनों देशों के बीच विवाद बढ़ सकता है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



