नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के संपन्न होने के बाद सभी 543 सीटों के जीते उम्मीदवारों की सूची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंप दी। इसके साथ ही 18वीं लोकसभा के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई। एक दिन पहले ही केंद्रीय मंत्रिमंडल की सिफारिश पर राष्ट्रपति ने 17वीं लोकसभा भंग की थी। बहरहाल, चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और दोनों चुनाव आयुक्त, ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू ने गुरुवार को महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पहुंच कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि देश में 16 मार्च को चुनावों के ऐलान के साथ जो आचार संहिता लागू हुई थी, वह खत्म हो गई है। इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन यानी ईवीएम को लेकर उन्होंने कहा कि अब नतीजे सबके सामने हैं। विपक्षी पार्टियों पर तंज करते हुए उन्होंने कहा- अगले चुनाव तक ईवीएम को आराम करने दीजिए। अगले चुनाव में वह फिर उठेगी, फिर उसकी बैटरी बदली जाएगी, उसके पेपर्स बदले जाएंगे, फिर वह गाली खाएगी, फिर वह अपने रिजल्ट अच्छे से दिखाएगी। लेकिन यह एक भरोसेमंद चीज है, जो अपना काम करती रहती है।
कश्मीर में विधानसभा चुनाव को लेकर राजीव कुमार ने कहा- जम्मू कश्मीर में चुनाव होने बाकी हैं। जब हम वहां 12 मार्च को गए थे, तो हमने संकेत दिया था कि हम सही समय आने पर चुनाव कराएंगे। अभी हमारा उद्देश्य था कि लोकसभा चुनाव अच्छे से हो जाएं, जम्मू कश्मीर में लोग अपने घरों से बाहर निकलें और वोटिंग की लाइनें देंखें। अब जब ये हो गया है तो हम जल्द से जल्द लोगों को सरकार बनाने और अपने नेता चुनने का मौका देंगे।
चुनाव प्रक्रिया खत्म होने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू ने गुरुवार शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लोकसभा चुनाव जीतने वाले उम्मीदवारों की लिस्ट सौंपी। एक बार सूची राष्ट्रपति को सौंपे जाने के बाद 18वीं लोकसभा के गठन की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


