चंडीगढ़। न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी की कानून गारंटी सहित अपनी दूसरी मांगों को लेकर दिल्ली कूच करने के लिए पंजाब और हरियाणा की सीमा पर पहुंचे किसानों की गुरुवार को लगातार तीसरे दिन पुलिस से झड़प हुई। सबसे ज्यादा संख्या में किसान हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर डटे हुए हैं। वहां हरियाणा पुलिस ने सात लेयर की बैरिकेडिंग की और लगातार आंसू गैस के गोले छोड़कर तीन दिन से किसानों को रोका हुआ है। हरियाणा से लगते पंजाब की खनौरी और डबवाली सीमा भी गुरुवार को लगातार तीसरे दिन बंद रही।
इस बीच किसानों ने गुरुवार को पंजाब के छह जिलों में 12 बजे से चार बजे तक रेल रोको आंदोलन किया। इसके अलावा तीन घंटे तक पंजाब के कई इलाकों में टोल नाके फ्री कर दिए। दूसरी ओर भारतीय किसान यूनियन के चढ़ूनी गुट के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने ऐलान किया किसानों के समर्थन में 16 फरवरी को हरियाणा में तीन घंटे के लिए सभी टोल फ्री करेंगे। अलग अलग क्षेत्रों में किसान संगठनों ने इस तरह से आंदोलन का समर्थन शुरू किया है।
किसानों के आंदोलन को देखते हुए हरियाणा के सात जिलों में इंटरनेट पर लगी पाबंदी 17 फरवरी की रात 12 बजे तक बढ़ा दी गई है। इन जिलों में अंबाला, कुरूक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा शामिल हैं। पहले 15 जनवरी की आधी रात तक पाबंदी लगाई गई थी। हरियाणा में भी कई जगहों पर पाबंदी लगाई गई है और दिल्ली से लगती हरियाणा और उत्तर प्रदेश की सीमा को पूरी तरह से सील कर दिया गया।
तीन दिन से किसानों के साथ चल रही झड़प के बीच हरियाणा पुलिस ने शम्भू बॉर्डर पर पुलिस के ऊपर पत्थरबाजी करने वालों के वीडियो रिलीज कर उनकी पहचान की अपील की है। वीडियो 13-14 फरवरी की है। पुलिस के मुताबिक, पुलिस आंसू गैस के गोले दाग रही थी तो दूसरी तरफ से कुछ युवाओं ने फोर्स के ऊपर पत्थर फेंके। पुलिस उनकी पहचान कर कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


