nayaindia India Heatwave Alert भीषण गर्मी का अलर्ट जारी

भीषण गर्मी का अलर्ट जारी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली सहित देश के अनेक हिस्सों में भीषण गर्मी का अलर्ट लगातार जारी है। राजस्थान के बाद महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में लोगों को गर्मी से बचाने के विशेष उपाय किए जा रहे हैं। महाराष्ट्र के अकोला में तो 45 डिग्री से ऊपर तापमान होने के बाद जिला प्रशासन ने जिले में धारा 144 लागू कर दी। मध्य प्रदेश में कई जगह ट्रैफिक रेडलाइट की अवधि घटाई गई है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में चौराहों के आसपास तंबू लगवाए गए हैं।

रविवार को नौतपा के दूसरे दिन छह राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में गर्मी का रेड अलर्ट जारी रहा। मौसम विभाग ने रविवार के लिए राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात के लिए हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया था। गर्मी की वजह से राजस्थान में सबसे ज्यादा संकट है, जहां पिछले चार दिन में 22 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य का फलोदी देश का सबसे गर्म शहर रहा। वहां तापमान 50 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लोगों को गर्मी से बचाने के लिए ट्रैफिक सिग्नल की टाइमिंग आधी की गई है। यानी जहां सिग्नल 60 सेकेंड लाल रहता था, वहां 30 सेकेंड ही रहेगा। महाराष्ट्र के अकोला में 45 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। यह राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। जिले के कलेक्टर ने शहर में धारा 144 लगा दी है।

जम्मू कश्मीर सहित उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। राजस्थान में सफाई कर्मचारियों से सुबह पांच से 10 बजे तक ही काम करने को कहा गया है। मध्य प्रदेश, पंजाब और दिल्ली में डॉक्टरों ने मरीजों और बुजुर्गों को दिन में यात्रा नहीं करने की सलाह दी है। आगरा, भोपाल, जोधपुर, लखनऊ समेत कई शहरों में चौराहे पर टेंट लगाए गए हैं, ताकि सिग्नल के इंतजार में उन्हें राहत मिल सके।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें