nayaindia lok sabha chunav 2024 first phase voting 102 सीटों पर मतदान आज

102 सीटों पर मतदान आज

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान की शुरुआत शुक्रवार को हो जाएगी। शुक्रवार यानी 19 अप्रैल को 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर मतदान होगा। पहले चरण में एक ही बार में तमिलनाडु की सभी 39 सीटों पर मतदान होगा। पहले चरण में नितिन गडकरी सहित आठ केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत दांव पर है। गडकरी महाराष्ट्र की नागपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। गडकरी के अलावा उधमपुर सीट पर जितेंद्र सिंह, मुजफ्फरनगर सीट  पर संजीव बालियान, अलवर सीट पर भूपेंद्र यादव, बीकानेर सीट पर अर्जुन राम मेघवाल, डिब्रूगढ़ सीट पर सर्बानंद सोनोवाल, अरुणाचल पश्चिमी सीट पर किरेन रिजीजू और तमिलनाडु की नीलगिरी सीट पर एल मुरुगन की किस्मत का फैसला शुक्रवार को होगा।

इससे पहले 2019 के चुनाव में पहले चरण की 102 सीटों में से सबसे ज्यादा 40 सीटें भाजपा ने जीती थीं। उसके बाद डीएमके ने 24 और कांग्रेस ने 15 सीटें जीती थीं। अन्य को 23 सीटें मिली थीं। चुनाव आयोग के मुताबिक, पहले चरण में कुल 1,625 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1,491 पुरुष और 134 महिला उम्मीदवार हैं। इनमें महिलाएं केवल आठ फीसदी हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स यानी एडीआर ने 1,618 उम्मीदवारों के हलफनामे में दी गई जानकारी पर एक रिपोर्ट तैयार की। इनमें से 16 फीसदी यानी 252 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, 450 यानी 28 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं।

पहले चरण में तमिलनाडु की सभी 39 सीटों पर एक साथ मतदान होगा। इसके अलावा राजस्थान की 12, उत्तर प्रदेश की आठ, मध्य प्रदेश की छह, बिहार की चार, पश्चिम बंगाल की तीन, असम और महाराष्ट्र की पांच-पांच, मणिपुर की दो और त्रिपुरा, जम्मू कश्मीर व छत्तीसगढ़ की एक-एक सीट पर मतदान होना है। इसके अलावा मेघालय की दो, उत्तराखंड की पांच, अरुणाचल प्रदेश की दो, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, मिजोरम, नगालैंड, पुड्डुचेरी, सिक्किम और लक्षद्वीप एक-एक लोकसभा सीट पर मतदान होगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें