नई दिल्ली। शनिवार को लोकसभा चुनाव के मतदान की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। सातवें और आखिरी चरण में आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 57 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसके साथ ही देश की 543 में से 542 सीटों पर उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो जाएगी। चार जून को वोटों की गिनती होगी। लोकसभा के सातवें चरण के साथ ही ओडिशा विधानसभा की 42 सीटों पर भी मतदान होगा। आंध्र प्रदेश, सिक्कम और अरुणाचल प्रदेश में मतदान पहले ही संपन्न हो चुका है। शाम छह बजे मतदान समाप्त होने के साथ ही एक्जिट पोल के नतीजे आएंगे, जिनसे असली नतीजों का कुछ अंदाजा लगेगा।
सातवें और आखिरी चरण में जिन सीटों पर मतदान होना है उनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वाराणसी सीट भी है, जहां से वे तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के साझा उम्मीदवार के तौर पर अजय राय उन्हें चुनौती दे रहे हैं। प्रधानमंत्री के अलावा पांच और केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत का फैसला इस दौर में होगा। आरके सिंह, अनुराग ठाकुर, महेंद्र नाथ पांडेय, पंकज चौधरी और अनुप्रिय पटेल की सीटों पर शनिवार को मतदान होगा। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी जालंधर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
लोकसभा चुनाव 2024 के आखिरी चरण में उत्तर प्रदेश और पंजाब की 13-13 सीटों पर मतदान होगा। इसके अलावा पश्चिम बंगाल की नौ, बिहार की आठ, ओडिशा की छह और हिमाचल प्रदेश व झारखंड की चार-चार सीटों पर मतदान होना है। चंडीगढ़ की सीट पर भी शनिवार को मतदान होगा। पिछले चुनाव में यानी 2019 में इन 57 सीटों में से भाजपा ने अकेले 25 सीट जीत थी। कांग्रेस ने आठ सीटें जीती थीं और वो सभी सीटें पंजाब की थी। हालांकि बाद में हिमाचल प्रदेश में उपचुनाव में कांग्रेस ने एक सीट जीती। पश्चिम बंगाल की जिन नौ सीटों पर मतदान होना है वो सभी सीटें पिछली बार ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस ने जीती थी।
सातवें और आखिरी चरण में ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी, पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल और परनीत कौर, पूर्वी उत्तर प्रदेश के बाहुबली मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी, हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्री विक्रमादित्य सिंह और फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक सातवें चरण में 904 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें 809 पुरुष और 95 महिला उम्मीदवार हैं। 543 लोकसभा सीटों में से एक सूरत की सीट पर भाजपा के मुकेश दलाल निर्विरोध चुने जा चुके हैं। इसलिए 542 सीटों पर मतदान हो रहा है, जिनमें से छठे चरण तक 485 सीटों पर मतदान हो चुका है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


