nayaindia Lok Sabha Election 3 Phase तीसरे चरण का प्रचार समाप्त

तीसरे चरण का प्रचार समाप्त

88 Lok Sabha Seat

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण का प्रचार रविवार की शाम को समाप्त हो गया। रविवार की शाम पांच बजे 10 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में प्रचार का शोर थम गया। तीसरे चरण में सात मई को 94 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इससे पहले दो चरण में 189 सीटों पर मतदान का काम संपन्न हो चुका है। तीसरे चरण में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से लेकर मध्य प्रदेश के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों, दिग्विजय सिंह और शिवराज सिंह चौहान की किस्मत दांव पर लगी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव की मैनपुरी सीट पर भी सात मई को मतदान होगा।

तीसरे चरण में सात मई को गुजरात की सभी 26 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। कर्नाटक की बची हुई 14 सीटों पर मतदान होगा और इसके साथ ही राज्य में मतदान की प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी। इसके अलावा मध्य प्रदेश की आठ, महाराष्ट्र की 11, उत्तर प्रदेश की 10, असम की चार, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की सात, गोवा की दो, बंगाल की चार, जम्मू कश्मीर की एक और दादरा व नगर हवेली और दमन व दीव की सीटों पर वोटिंग होगी। इस चरण में कुल 1,352 उम्मीदवार मैदान में हैं।

भाजपा के लिए इस चरण का मतदान बहुत अहम है। क्योंकि इस चरण की ज्यादातर सीटें भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टियों के पास हैं। इसी चरण में भाजपा के गढ़ गुजरात की सभी सीटों पर चुनाव होगा। वहां की सबसे हाई प्रोफाइल सीट गांधीनगर है, जहां से अमित शाह दूसरी बार मैदान में हैं। तीसरे चरण में ही समाजवादी पार्टी का गढ़ कहे जाने वाली मैनपुरी लोकसभा सीट पर वोटिंग होनी है। इस सीट पर सपा ने अपनी मौजूदा सांसद डिंपल यादव को मैदान में उतारा है।

तीसरे चरण में मध्य प्रदेश की कई हाई प्रोफाइल सीटों पर भी चुनाव है। राजगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला दो बार के भाजपा सांसद रोडमल नागर से है। इसी चरण में गुना में भी वोटिंग होगी, जहां से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मैदान में हैं। 2019 के चुनाव में वे कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर हार गए थे। वहीं विदिशा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की किस्मत भी इसी चरण में दांव पर लगी है।

शरद पवार का गढ़ मानी जाने वाली बारामती लोकसभा सीट पर भी तीसरे चरण में मतदान है। पवार की पार्टी में टूट के बाद इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है। इस सीट से शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले एक बार फिर मैदान में हैं, जबकि उप मुख्यमंत्री और असली एनसीपी के नेता अजित पवार ने अपनी पत्नी सुनेत्रा पवार को यहां से मैदान में उतार दिया है, जिससे यहां चुनाव ननद और भाभी के बीच हो गया है। पश्चिम बंगाल की बहरामपुर लोकसभा सीट पर भी तीसरे चरण में ही मतदान होगा। कांग्रेस ने इस सीट पर एक बार फिर से अधीर रंजन चौधरी को उतारा है तो तृणमूल कांग्रेस ने पूर्व क्रिकेटर युसुफ पठान को उतारा है। असम में बदरूद्दीन अजमल की सीट पर भी तीसरे चरण में मतदान होना है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें