बेंगलुरू। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों घबराए हुए हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि अगले कुछ दिनों में शायद स्टेज पर ही उनके आंसू निकल आएं। राहुल गांधी का इशारा पहले चरण के मतदान के बाद से प्रधानमंत्री द्वारा दिए जा रहे भाषणों की ओर था। राहुल ने कर्नाटक के बीजापुर में कांग्रेस की चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर जोरदार हमला किया और कहा कि उन्होंने पिछले 10 साल में सिर्फ आम आदमी का पैसा लूटा है।
राहुल ने कहा- प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 10 साल में गरीबों से सिर्फ पैसा छीना है। उन्होंने सिर्फ 20-25 लोगों को अरबपति बनाया है। उन अरबपतियों के पास उतना धन है, जितना 70 करोड़ हिंदुस्तानियों के पास है। हिंदुस्तान में एक फीसदी ऐसे लोग हैं, जो 40 फीसदी धन कंट्रोल करते हैं। उन्होंने आगे कहा- मोदी कुछ लोगों को अरबपति बनाते हैं, कांग्रेस सरकार करोड़ों लोगों को लखपति बनाएगी। कांग्रेस बेरोजगारी और महंगाई मिटाकर आपको भागीदारी देगी। जितना पैसा मोदी ने अरबपतियों को दिया है, उतना पैसा हम गरीबों को देंगे।
कांग्रेस सांसद ने अपनी बात दोहराते हुए कहा- यह लोकसभा चुनाव कोई सामान्य चुनाव नहीं है। यह पिछले चुनावों से अलग है, क्योंकि भारत के इतिहास में पहली बार एक पार्टी और एक व्यक्ति भारत के संविधान और लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। दूसरी तरफ, कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन संविधान को बचाने की कोशिश कर रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि भारत के संविधान ने लोगों को अधिकार, आवाज और आरक्षण दिया है। संविधान से पहले भारत पर राजा, महाराजाओं का शासन था। अगर आज भारत के गरीबों, पिछड़ों, दलितों और आदिवासियों के पास अधिकार हैं, आवाज है, तो ये संविधान ने दी है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



