नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को चुनाव नतीजे आने के बाद लगातार तीसरी बार जीत का दावा किया। वे देर शाम करीब साढ़े आठ बजे नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने देश के लोगों का आभार जताया और कहा कि एनडीए तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत भारत माता की जय और जय जगन्नाथ से की। गौरतलब है कि भाजपा ने ओडिशा विधानसभा के चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। प्रधानमंत्री के भाषण में भाजपा को बहुमत नहीं मिल पाने का स्पष्ट असर दिखा। उन्होंने भाजपा से ज्यादा एनडीए का नाम लिया और चंद्रबाबू नायडू व नीतीश कुमार का भी जिक्र किया।
प्रधानमंत्री ने पार्टी मुख्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा- इस आशीर्वाद के लिए मैं समस्त देशवासियों का ऋणी हूं। आज बड़ा मंगल है। इस पावन दिन एनडीए की लगातार तीसरी बार सरकार बननी तय है। उन्होंने कहा- देशवासियों ने भाजपा पर एनडीए पर पूर्ण विश्वास जताया है। आज की ये विजय दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत है। ये भारत के संविधान पर अटूट निष्ठा की जीत है। ये विकसित भारत के प्रण की जीत है। ये सबका साथ, सबका विकास मंत्र की जीत है। प्रधानमंत्री ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और बिहार के सीएम नीतीश कुमार का भी नाम लिया।
प्रधानमंत्री ने कहा- ये 140 करोड़ भारतीयों की जीत है। मैं आज देश के चुनाव आयोग का भी अभिनंदन करूंगा। चुनाव आयोग ने दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव इतनी कुशलता से संपन्न कराया। उन्होंने कहा- जम्मू कश्मीर ने रिकॉर्ड मतदान करके दुनिया में भारत को बदनाम करने वालों को आईना दिखा दिया है। मोदी ने कहा- मैं देश भर के सभी दलों, सभी उम्मीदवारो का अभिनंदन करता हूं। सभी की भागीदारी के बिना लोकतंत्र की सफलता संभव नहीं है। इस चुनाव के इस जनादेश के कई पहलू हैं। 1962 के बाद पहली बार कोई सरकार अपने दो कार्यकाल पूरे करने के बाद तीसरी बार वापस आई है।
दो राज्यों की जीत का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- राज्यों में जहां भी विधानसभा के चुनाव हुए वहां पर एनडीए को भव्य विजय मिली। अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, सिक्किम या ओडिशा हो। इन राज्यों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। शायद उन्हें जमानत बचाना भी मुश्किल हो गया होगा। मोदी ने कहा- भाजपा ओडिशा में सरकार बनाने जा रही है। लोकसभा चुनाव में भी ओडिशा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। यह पहली बार होगा, जब जगन्नाथ की धरती पर बीजेपी का सीएम होगा। बीजेपी ने केरल में भी सीट जीती है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


